IndiGo की सेवाएं ठप ; अन्य एयरलाइंस की चांदी
IndiGo Services Halted; Other Airlines are Making a Killing

विशेष/प्रतिनिधि : देश की सबसे बड़ी निजी विमानन कंपनी इंडिगो इन दिनों गंभीर परिचालन संकट से जूझ रही है। 6 दिसंबर 2025 से कंपनी की कई उड़ानें अचानक रद्द होने और सेवाएं बाधित होने के कारण देशभर में हवाई यात्रा के किराए रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गए हैं। दिल्ली से मुंबई के बीच एकतरफा टिकट जहाँ सामान्य दिनों में 6,000 से 6,200 रुपये में मिलता था, वहीं अब यह कीमत बढ़कर 48,000 रुपये तक पहुँच गई है।
अंडमान के लिए हवाई किराए ने तो सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। एअर इंडिया द्वारा संचालित दिल्ली–अंडमान उड़ान का टिकट जहाँ आमतौर पर 12,000 से 20,000 रुपये में उपलब्ध होता है, वह 92,067 रुपये (करों से पहले) तक पहुँच गया है। इसी तरह दिल्ली–बेंगलुरु मार्ग पर हवाई किराया 80,069 से 88,469 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में इसकी औसत कीमत मात्र 7,173 रुपये रहती है।
इंडिगो की उड़ानें तीन दिनों से लगातार प्रभावित हैं। शुक्रवार शाम छत्रपती संभाजीनगर एयरपोर्ट से दिल्ली और मुंबई की उड़ानें रद्द कर दी गईं। परिणामस्वरूप 5,500 रुपये वाली दिल्ली फ्लाइट का किराया 17,000 से 23,000 रुपये तक बढ़ गया। कंपनी के अचानक लिए गए फैसले से यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। यात्रियों ने बताया कि इंडिगो काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों ने अगले तीन दिनों तक किसी भी तरह की बुकिंग बंद रहने की जानकारी दी। कई यात्रियों के मुताबिक, “हमारे सवाल पूछने पर कर्मचारी कहते हैं कि प्राइवेट ऐप पर टिकट दिख रहे हैं, लेकिन कंपनी फिलहाल कुछ नहीं कर सकती।”
इंडिगो ने घोषणा की है कि 15 दिसंबर तक उसकी सेवाएँ सामान्य हो जाएँगी। लेकिन तब तक यात्रियों को भारी आर्थिक बोझ और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।



