
Air इंडिया एक्सप्रेस की नई पुणे–अबू धाबी सेवा
Air India Express's new Pune-Abu Dhabi service
पुणे/प्रतिनिधि : एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आज से पुणे–अबू धाबी सीधी उड़ान सेवा की शुरुआत कर पुणे की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को एक नया आयाम दिया है। बढ़ती वैश्विक कनेक्टिविटी की मांग को देखते हुए शुरू की गई यह सेवा हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रात 21:10 बजे पुणे से अबू धाबी के लिए उड़ान भरेगी। नई उड़ान के शुरू होने से पुणे के यात्रियों, व्यापारियों, पेशेवरों, छात्रों और मध्यपूर्व में नौकरी करने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
इस नई सुविधा से पुणे एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय स्थिति और मजबूत हुई है। शहर के वैश्विक व्यापार, उद्योग, निवेश और रोजगार से जुड़ने के अवसर भी अब और अधिक बढ़ने की संभावना है। अबू धाबी जैसे महत्वपूर्ण हब तक सीधे पहुंचने से यात्रियों का समय बचेगा और अंतरराष्ट्रीय यात्रा का विकल्प भी आसान होगा।
पुणे के सांसद और केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने इस सेवा का स्वागत करते हुए कहा कि पुणे–अबू धाबी सीधी उड़ान की शुरुआत शहर के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय महत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा यह पुणे के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।



