Lakkad बाजार रिंक में पहला स्केटिंग सेशन शुरू
First Skating Session Begins at Lakkad Bazaar Rink

शिमला/प्रतिनिधि : शिमला के लक्कड़ बाजार स्थित एतिहासिक आइस स्केटिंग रिंक में आज से स्केटिंग सत्रों की औपचारिक शुरुआत हो गई। विंटर सीजन का पहला सेशन सुबह 8 बजे से 9.30 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय स्केटर्स के साथ देशभर से पहुंचे पर्यटकों ने भी प्राकृतिक रूप से जमी बर्फ पर स्केटिंग का मज़ा लिया। ठंड में और बढ़ोतरी के साथ अगले सप्ताह से शाम के सेशन भी शुरू किए जा सकते हैं।
आइस स्केटिंग क्लब शिमला के महासचिव रजत मल्होत्रा ने बताया कि बुधवार का ट्रायल सफल होने के बाद आज पहला सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार स्केटिंग सीजन एक सप्ताह पहले शुरू हो गया है। इसी महीने के अंत में स्केटिंग कार्निवल का आयोजन भी किया जाएगा। शिमला में ऑल-वेदर स्केटिंग रिंक बनाने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जिसका काम अप्रैल से शुरू होकर दो वर्षों में पूरा होने की योजना है।
पहले दिन स्केटिंग करने पहुंचीं बच्चियों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उत्साह के कारण वे सुबह 5 बजे ही उठ गईं। छुट्टियों के दौरान वे स्केटिंग का भरपूर आनंद ले रही हैं। एशिया के इस अनोखे रिंक पर बर्फ पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से जमाई जाती है, जो इसकी सबसे बड़ी खासियत है।



