
Datta जयंती पर सजा शिर्डी धाम
Shirdi Dham decorated for Datta Jayanti
शिर्डी/प्रतिनिधि : श्री दत्त जयंती के पावन अवसर पर शिर्डी में श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। शिर्डी के श्री साईबाबा मंदिर, दत्त मंदिर और पूरे मंदिर परिसर को फूलों की आकर्षक सजावट से सजाया गया है। यह भव्य सजावट साईभक्त और दानदाता श्रीमती रजनी डांग द्वारा प्रदान की गई देणगी से की गई है।
सुबह से ही हजारों भक्तों का तांता मंदिर में लगना शुरू हो गया। फूलों से किए गए रंग-बिरंगे डिजाइन, सुगंधित गलियारे और आकर्षक तोरणों ने पूरे परिसर की भव्यता को और बढ़ा दिया है। गुलाब, ऑर्किड, गेंदा और लिली के फूलों से तैयार सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर की मुख्य गुम्बद, सभामंडप, प्रवेशद्वार और समाधि क्षेत्र विशेष रूप से सजाए गए हैं।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि दत्त जयंती के अवसर पर तीन दिन विशेष पूजन, आरती, भजन-सत्संग और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। भक्तों की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था भी की गई है। श्री दत्त जयंती पर इस तरह की भव्य फूल सजावट ने शिर्डी की आध्यात्मिक महिमा में और चार चांद लगा दिए हैं। श्रद्धालुओं ने श्रीमती रजनी डांग के इस विशेष योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।



