23वी भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक
23rd India-Russia Annual Summit

दिल्ली/प्रतिनिधि : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज 23वीं भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक के लिए भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
बैठक में दोनों नेता आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही, व्यापार, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, संस्कृति और मीडिया सहित कई क्षेत्रों में नए समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इन समझौतों से भारत-रूस आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में एक विशेष भोज का आयोजन करेंगी। यह यात्रा दोनों देशों के नेतृत्व को अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करने और विशेष रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करेगी।भारत और रूस के बीच वार्षिक शिखर बैठक को रणनीतिक साझेदारी का सर्वोच्च संवाद तंत्र माना जाता है। रूस लंबे समय से भारत का विश्वसनीय सहयोगी रहा है और दोनों देशों के संबंध भारत की विदेश नीति का एक महत्वपूर्ण स्तंभ माने जाते हैं।



