
Maharashtra विधानसभा का शीतकालीन सत्र 8 से 14 दिसंबर तक नागपुर में आयोजित
Maharashtra Legislative Assembly's Winter Session to be Held in Nagpur from December 8th to 14th
मुंबई/प्रतिनिधि : महाराष्ट्र विधानमंडल का हिवाळी (शीतकालीन) अधिवेशन इस वर्ष 8 दिसंबर से नागपुर में शुरू होगा। सोमवार को मुंबई स्थित विधानभवन में आयोजित विधिमंडळ कामकाज सल्लागार समिती (Business Advisory Committee) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। अधिवेशन 14 दिसंबर तक चलेगा और विशेष बात यह कि 13 दिसंबर (शनिवार) और 14 दिसंबर (रविवार) के शासकीय अवकाश वाले दिनों में भी सदन का कामकाज जारी रहेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर तथा विधानपरिषद सभापती राम शिंदे उपस्थित थे। आगामी अधिवेशन में राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक और नीतिगत निर्णय सदन में पेश करने की तैयारी में है। इसके साथ ही राज्य के वित्तीय प्रबंधन, कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दे, कानून-व्यवस्था और विकास परियोजनाओं की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
नागपुर में आयोजित होने वाला यह वार्षिक शीतकालीन सत्र परंपरागत रूप से राज्य राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस बार विपक्ष भी महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। उम्मीद है कि यह अधिवेशन कई महत्वपूर्ण निर्णयों और व्यापक चर्चाओं का मंच बनेगा।



