गोवा में 20 नवंबर से इफ्फी फिल्म फेस्टीवल: 240 फिल्मों का होगा प्रदर्शन
Iffy Film Festival to be held in Goa from November 20: 240 films will be screened

नई दिल्लीः गोवा में इस वर्ष का इफ्फी फिल्म महोत्सव 20 नवंबर को आयोजित होगा. इस महोत्सव की जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने विश्वास जताया कि गोवा में आयोजित होने वाला अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव- इफ्फी भारतीय निर्माताओं को वैश्विक स्तर पर पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम होगा। वे आज नई दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। मुरुगन ने बताया कि इफ्फी फिल्म महोत्सव 20 नवंबर से शुरू होगा और इसमें 81 देशों की 240 फिल्में दिखाई जाएँगी। यह महोत्सव 28 नवंबर तक चलेगा।
50 महिला निर्देशकों की फिल्मों का विशेष प्रदर्शन
मुरुगन ने बताया कि इस वर्ष इफ्फी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उसके प्रयोग से निर्मित कृतियों के लिए एक विशेष खंड स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष इफ्फी में 50 से अधिक महिला निर्देशकों द्वारा निर्देशित फिल्में दिखाई जाएँगी, जिससे केंद्र सरकार की नारी शक्ति की अवधारणा को बल मिलेगा। सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने कहा कि इफ्फी फिल्म महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर एक भव्य कार्निवल और एक शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं को भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्म प्रेमियों के समक्ष अपनी कृतियां प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।



