
Smart Anganwadi: महाराष्ट्र के 13 गाँवों में स्मार्ट आँगनवाड़ियों का निर्माण, जानिए क्या है योजना
Smart Anganwadis to be built in 13 villages of Maharashtra, know the plan
मुंबई/ प्रतिनिधिः राज्य में आँगनवाड़ियों को आधुनिक, सशक्त और पारदर्शी बनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु स्मार्ट आँगनवाड़ियों योजना के अंतर्गत राज्य भर में व्यापक कार्य प्रगति पर है। महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने बताया कि इस योजना के तहत उत्कृष्ट सरपंच के रूप में सम्मानित 13 सरपंचों के गाँवों में स्मार्ट आँगनवाड़ियाँ स्थापित की गई हैं. महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने कहा कि 13 गाँवों की आँगनवाड़ियों को स्मार्ट स्वरूप दिया गया है। इन केंद्रों को अत्याधुनिक सुविधाओं, डिजिटल शिक्षण उपकरणों के साथ-साथ बच्चों और माताओं के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता गतिविधियों से सुसज्जित किया गया है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि यह मिशन पूरा हो गया है।
“एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) योजना के अंतर्गत, आंगनवाड़ियों में बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण और पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, तीनों क्षेत्रों में बुनियादी सेवाएँ प्रदान की जाती हैं। इन आंगनवाड़ियों को स्मार्ट बनाने की पहल से इनके बुनियादी ढाँचे में सुधार हुआ है और शिक्षा एवं पोषण सेवाएँ अधिक प्रभावी ढंग से प्रदान की जा रही हैं।
सिर्फ इमारत नहीं नए भविष्य का प्रतीक हैं-मंत्री
महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने कहा कि स्मार्ट आंगनवाड़ियाँ केवल एक इमारत नहीं, बल्कि बच्चों और माताओं के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक हैं। आधुनिक तकनीक और संवेदनशील दृष्टिकोण के संयोजन से आंगनवाड़ियों को आदर्श केंद्र बनाया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा। तटकरे ने यह भी कहा कि राज्य की सभी आंगनवाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट बनाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।



