
Election Exclusive: NCP-SP में आना चाहते हैं BJP के 12 नगरसेवक: जिलाध्यक्ष डॉ.मंगेश आमले का बड़ा खुलासा
12 BJP corporators want to join NCP-SP: District President Dr. Mangesh Amle
नवी मुंबई-सुधीर शर्मा/ मनपा चुनाव से पहले नवी मुंबई दलबदल की गतिविधियां तेज हो गयी हैं. तमाम दलों के कार्यकर्ता अपने चुनावी फायदा देखते हुए विरोधी दलों में प्रवेश कर रहे हैं. दिसंबर-जनवरी में होने वाला महानगर पालिका चुनाव से पहले खुद को सेट करने की कोशिश में जुटे दर्जनों नगरसेवक शरद पवार की पार्टी एनसीपी से जुड़ने की जुगत लगा रहे हैं. एनसीपी एसपी के जिलाध्यक्ष डॉ.मंगेश आमले ने इसका खुलासा करते हुए दावा किया कि सत्तारूढ़ बीजेपी के 10 से 12 नगरसेवक और दर्जनों बड़े पदाधिकारी एनसीपी पवार गुट के साथ जुड़ने के लिए आतुर हैं. वे लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और पक्षप्रवेश की रजामंदी की प्रतीक्षा में हैं. उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकांश कार्यकर्ता 2019 से पहले एनसीपी के नगरसेवक रहे हैं लेकिन गणेश नाईक के पार्टी छोड़ने के बाद वे बीजेपी में चले गए थे.
बीजेपी के उपेक्षित कार्यकर्ता, राष्ट्रवादी में चाहते हैं घरवापसी
एनसीपी एसपी के नवी मुंबई जिलाध्यक्ष डॉ. मंगेश आमले ने दावा किया कि सही मायने में देखें तो आज की पूरी बीजेपी और उसके 50 से अधिक नगरसेवक एनसीपी के हैं. गणेश नाईक और संदीप नाईक-संजीव नाईक जैसे नेताओं और एनसीपी नगरसेवकों के दम पर ही आज नवी मुंबई में बीजेपी का अस्तित्व कायम है. इन्हीं नगरसेवकों औऱ नेताओं के दम पर ही बीजेपी पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों को जीतने में कामयाब रही है. हालांकि इन नेताओं और नगरसेवकों का बीजेपी से मोह भंग हो रहा है, उन्हें पार्टी में अपेक्षित सम्मान, योग्य पद और प्रोत्साहन भी नहीं मिल रहा है इस लिए अधिकांश कार्यकर्ता और नेता पुनः एनसीपी में आना चाहते हैं. फिर भी इसका अंतिम फैसला तो पार्टी आलाकमान के हाथ में है. जो भी आदेश होगा वह पार्टी हित में मंजूर होगा.
-मनपा में बैठेगा महाविकास आघाड़ी का महापौर -जिलाध्यक्ष डॉ.मंगेश आमले जिन लोगों ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया है उनकी राष्ट्रवादी कांग्रेस में घरवापसी स्वीकार्य नहीं है, पार्टी महाविकास आघाड़ी के नेतृत्व में नए सिरे से, नई रणनीति और नए विश्वास के साथ आगे बढ़ेगी और नवी मुंबई महानगर पालिका में अपना परचम लहराएगी



