Accident : जौनपुर में बोलेरो हादसा-3 की मौत, 3 की हालत गंभीर
Jaunpur Bolero accident 3 dead and 3 seriously injured

नवी दिल्ली/प्रतिनिधी: जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के गंधोना गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। विंध्याचल दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, अंबेडकरनगर जनपद के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के पालीपट्टी गांव के परिवारजन शनिवार को विंध्याचल धाम दर्शन के लिए गए थे। बोलेरो गंधोना गांव स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और खड़े ट्रक से टकरा गया।हादसे में 38 वर्षीय आलोक वर्मा, उनकी 32 वर्षीय पत्नी गुड़िया वर्मा और 70 वर्षीय फूला देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, 16 वर्षीय अभिराट वर्मा को गंभीर चोटों के कारण प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। अन्य दो घायल महिलाओं को भदोही स्थित आशादीप अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।



