
“जल्दी नहीं, सुरक्षित रहें” – मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सड़क नियमों का पालन करने की अपील
"Speed Down, Safety Up" – CM Dr. Yadav Appeals to Follow Traffic Rules
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जीवन अनमोल है और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।मुख्यमंत्री यह बात आज आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित सड़क सुरक्षा उपायों पर राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यशाला का उद्घाटन किया और सड़क सुरक्षा के आधुनिक उपायों पर आधारित एडवांस एप्लीकेशन “संजय” का भी शुभारंभ किया।डॉ. यादव ने कहा कि तेज गति और लापरवाही केवल नियम तोड़ना नहीं, बल्कि जिंदगी से खिलवाड़ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर असावधानी से न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की भी जान खतरे में पड़ती है। उनका कहना था, “स्पीड में हीरो बनने की जरूरत नहीं, नियमों का पालन करने वाला ही असली हीरो है।”कार्यशाला में स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों ने विषैले और गैर विषैले सर्पदंश की पहचान, रक्तस्राव, मांसपेशियों की कमजोरी और सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षणों की जानकारी दी। इसके अलावा आईआईटी मद्रास और सेव लाइफ फाउंडेशन के साथ लोक निर्माण विभाग और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड द्वारा दो एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में 9,000 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग और लगभग 11,000 किमी राज्य मार्ग का नेटवर्क है, और सड़क सुरक्षा प्रबंधन के मामले में प्रदेश देश में पांचवें स्थान पर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जन-जागरूकता और सुझावों के आधार पर प्रदेश में दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
डॉ. यादव ने कहा कि सरकार सड़कें सुधार सकती है, नियम बना सकती है, लेकिन वाहन चलाना और ब्रेक संभालना आपके हाथ में है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सड़क पर जिम्मेदार और सतर्क नागरिक बनें, ताकि दुर्घटनाओं और जनहानि को रोका जा सके।



