महिला आयोग लाएगी ‘आपल्या दारी’ पहल, 16 अक्टूबर को होगा आयोजन
‘Aplya Dari’ Initiative by Women’s Commission to Take Place on 16th October

नई दिल्ली/प्रतिनिधि: महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग का ‘आपल्या दारी’ कार्यक्रम 16 अक्टूबर को पुणे में आयोजित किया जा रहा है, ताकि महिलाएं अपने मुद्दों और शिकायतों को सीधे स्थानीय स्तर पर रख सकें। मुंबई में स्थित आयोग के मुख्यालय तक राज्य की कई महिलाओं के लिए पहुँचना मुश्किल होने के कारण यह पहल उनकी सुविधा और सुलभता को ध्यान में रखकर की गई है। कार्यक्रम गुरुवार सुबह 10 बजे जिल्हाधिकारी कार्यालय, पुणे में संपन्न होगा।इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा रुपाली चाकणकर स्वयं उपस्थित रहेंगी। साथ ही जिल्हाधिकारी संतोष पाटील, मुख्य कार्यकारी अधिकारी याशनी नागराजन, पोलीस अधिक्षक तुषार दोशी, और विभागीय उपायुक्त महिला व बाल विकास, पुणे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।जनसुनावणी के दौरान तीन स्वतंत्र पैनल बनाए जाएंगे, जिनमें विधि और न्याय प्राधिकरण के वकील, संरक्षण अधिकारी, पुलिस अधिकारी, समुपदेशक, महिला एवं बाल सहायता केंद्र के प्रतिनिधि और सेवाभावी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इन पैनलों के माध्यम से पुणे स्थित राज्य महिला आयोग के विभागीय कार्यालय तथा सातारा जिले से प्राप्त शिकायतों और अन्य मामलों का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाएगा।
अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने महिलाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक इस जनसुनावणी में भाग लें और अपनी समस्याएं सीधे प्रस्तुत करें, ताकि उन्हें तत्काल और संतोषजनक समाधान मिल सके।



