PM Modi Launches Mumbai One App: प्रधानमंत्री मोदी ने किया ‘मुंबई वन ऐप’ का शुभारंभ
PM Modi Launches Mumbai One App: Prime Minister Modi launched the 'Mumbai One App'
नवी मुंबई/प्रतिनिधि: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के भव्य उद्घाटन समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्ज ‘मुंबई वन ऐप (One App – Limitless Journeys)’ का शुभारंभ किया। इस डिजिटल पहल से मुंबई महानगर क्षेत्र की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को एक नया और सशक्त आयाम मिला है।
यह ऐप देश का पहला संयुक्त मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है, जिसमें मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के अंतर्गत आने वाले 11 सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटर्स को एक ही मंच पर जोड़ा गया है। विशेष बात यह है कि अब नवी मुंबई महानगरपालिका परिवहन उपक्रम (NMMT) की बस सेवाएं भी इस ऐप से जुड़ गई हैं। यानी अब यात्री एनएमएमटी की बसों के टिकट ‘मुंबई वन ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन खरीद सकेंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने शहरों को स्मार्ट, तेज़ और टिकाऊ बनाने के दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उसी कड़ी में यह ऐप एक ऐतिहासिक पहल साबित हो रहा है।
अब यात्रियों को स्थानीय ट्रेनों से लेकर मेट्रो, बस, मोनोरेल और अन्य सार्वजनिक वाहनों तक के लिए अलग-अलग टिकट या ऐप की जरूरत नहीं होगी। ‘मुंबई वन ऐप’ के जरिए यात्री एक ही प्लेटफॉर्म से यात्रा की योजना, आरक्षण और भुगतान कर सकेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की ‘डिजिटल इंडिया’ की परिकल्पना और एमएमआरडीए के #MumbaiInMinutes मिशन को साकार करने की दिशा में यह ऐप एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से न केवल यात्रा का समय कम होगा बल्कि यात्रा में पारदर्शिता, सुगमता और सुरक्षा भी बढ़ेगी।
“एनएमएमटी सेवा को ‘मुंबई वन ऐप’ से जोड़ना हमारे नागरिकों के लिए गर्व की बात है। इससे नवी मुंबई के यात्रियों को एकीकृत और सरल यात्रा अनुभव मिलेगा। सभी नागरिकों से अपील है कि इस ऐप का अधिकतम उपयोग करें।”
~डॉ. कैलास शिंदे, आयुक्त, नवी मुंबई महानगरपालिका
इस डिजिटल एकीकरण से मुंबई महानगर क्षेत्र की गतिशीलता को नई दिशा मिलेगी और यह परियोजना भारत के स्मार्ट ट्रांसपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी।




