
Super Clean city Award : महाराष्ट्र की नंबर वन सूपर स्वच्छ सिटी बनी नवी मुंबई, राष्ट्रपति ने सौंपा पुरस्कार
Navi Mumbai won the Super Clean City Award, President Draupadi Murmu gave the award
नवी मुंबई/ प्रतिनिधिः देश के स्वच्छ शहरों की श्रेणी में नवी मुंबई ने एक बार फिर नंबर वन का खिताब जीतकर नया रिकार्ड बना दिया है. 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों को सूपर स्वच्छता लीग में शामिल किया जाता है जिसमें नवी मुंबई ने पहला स्थान हासिल किया है. आज शहरी आवास एवं विकास मंत्रालय द्वारा दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के पुरस्कार समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नवी मुंबई को सूपर स्वच्छ सिटी का यह पुरस्कार प्रदान किया. शहरी विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल, नवी मुंबई मनपा आयुक्त डॉ.कैलास शिंदे, एवं नगर अभियंता शिरीष आरद्वाड ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया. सूपर स्वच्छता लीग में 10 लाख से अधिक आबादी वाले उन शहरों को शामिल किया जाता है जो लगातार 2 वर्षों तक स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं. यह नई श्रेणी है जिसे शहरी आवास और विकास मंत्रालय ने स्वच्छता स्कोरिंग प्रणाली में बदलाव करते हुए तैयार किया है.
शहरी आवास एवं विकास मंत्रालय द्वारा दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के पुरस्कार समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नवी मुंबई को सूपर स्वच्छ सिटी का यह पुरस्कार प्रदान किया.2 वर्षों से नंबर वन रैकिंग में कायम रहने पर मिला पुरस्कार
नवी मुंबई देश के बड़े शहरों में महाराष्ट्र का एकमात्र शहर है जो ‘सुपर स्वच्छ लीग’ में शामिल है। नवी मुंबई ने कचरा मुक्त शहर के लिए सर्वोच्च ‘सेवन स्टार’ रेटिंग के साथ-साथ ओडीएसी श्रेणी में सर्वोच्च ‘वाटर प्लस’ रेटिंग भी बरकरार रखी है. *मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने सूपर स्वच्छ सिटी का पुरस्कार ग्रहण करने के बाद इसका श्रेय नवी मुंबई के नागिरकों, सफाई कर्मियों, लोकप्रतिनिधियों और सभी नागरिकों को देते हुए राज्य सरकार का भी आभार जताया जिनके प्रोत्साहन से नवी मुंबई देश की स्वच्छता रैंकिंग में लगातार उत्कृष्टता का परचम लहरा रही है..
स्वच्छता ठेकेदारों ने उठाया पुरस्कार पर सवाल
हालांकि लगातार स्वच्छता क्रमांक में उत्तम पुरस्कार हासिल कर रही नवी मुंबई मनपा के इस पुरस्कार पर सवाल भी उठ रहे हैं. शहर की स्वच्छता में जुटे कई सफाई कर्मियों और ठेकेदारों ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 से पहले महानगर पालिका ने सबको सफाई का काम सौंपा, और जब स्वच्छता पूरी हो गयी तब सभी ठेकेदारों का कान्ट्रैक्ट रद्द कर दिया. ठेकेदारों की मानें तो सफाई में पूरा पैसा ठेकेदारों का लगा, कर्मचारियों को पैसा ठेकेदारों ने दिया लेकिन अवार्ड मनपा ने हासिल किया. सवाल पूछा कि जिन ठेकेदारों ने पैसा लगाकर शहर को नंबर वन स्वच्छ बनाया उनके नुकसान की भरपाई कौन करेगा. मुख्य अभियंता ने कहा-श्रेय सबको जाता है. सबकी मेहनत और योगदान पर यह पुरस्कार नवी मुंबई मनपा को मिला है.



