
Kharghar Water Crisis: खारघर में पानी के लिए तीखा आंदोलन, कार्यालय छोड़कर भागे CIDCO अधिकारी
Protest For Water: Fierce agitation for water in Kharghar, CIDCO officials fled from office
नवी मुंबई/प्रतिनिधिः नवी मुंबई के सबसे विकसित जोन खारघर में आजकल पानी के लिए हाहाकार मचा है. बहुमंजिली इमारतों वाले शहर के अधिकांश इलाकों में कई कई दिनों तक पीने का पानी नहीं मिल रहा है. विकास और नंबर वन सुविधाओं का ढिंढोरा पीटने वाली सिडको और पनवेल महानगर पालिका दोनों प्नाधिकरण नागरिकों के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने में फेल हो रहे हैं. आज बुधवार की सुबह इसके खिलाफ खारघर के 300 से अधिक नागरिकों ने हाथों में बैनर और सिर पर हंडा लेकर सिडको के खिलाफ मोर्चा निकाला और जलापुर्ति करने की मांग की. पूर्व नगरसेविका हर्षदा अमर उपाध्याय के सौजन्य से निकले इस मोर्चे का नेतृत्व बीजेपी के खारघर मंडल अध्यक्ष प्रवीण पाटिल, एवं युवानेता अमर उपाध्याय ने किया. यहां नागरिकों ने पानी पानी दो का नारा लगाते हुए सिडको कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया.
पीने का पानी नहीं दे सकते, तो इस्तीफा दो-हर्षदा अमर उपाध्याय
समुचित जलापूर्ति की मांग के साथ निकले आंदोलन पर उतरने नागरिकों को देखकर सिडको अधिकारी कार्यालय पर ताला लगाकर भागते नजर आए. नाराज नागरिकों ने ताला तोड़ा…और आफिस गेट पर कपड़ा धोते हुए यहां अनोखा प्रदर्शन किया. नारेबाजी करते हुए सिडको अधिकारियों से कहा कि यदि पानी नहीं दे सकते तो इस्तीफा दो.आक्रामक नागिरकों ने कार्यालय में पानी फेंकते हुए अधिकारियों के रवैए पर निषेध जताया. मोर्चे का नेतृत्व कर रही पूर्व नगरसेविका हर्षदा अमर उपाध्याय ने कहा कि खारघर में सैकड़ों सोसायटियां हैं जहां पानी नहीं मिल रहा है.सिडको अधिकारी टैंकर माफियाओं को मदद करने खारघर वासियों को पानी के लिए तड़पा रहे हैं. उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
कार्यालय का ताला तोड़ा, गेट पर धोए कपड़े, अधिकारियों को दी चेतावनी-
वहीं मोर्चे की अगुआई कर रहे युवानेता एड. अमर उपाध्याय ने खुला आरोप लगाया कि सिडको अधिकारी टैंकर माफियाओं की काली कमाई कराने और अपनी जेब भरने में जुटे हैं इसलिए डैम से कम पानी छोड़ते हैं ताकि सोसायटियों को मजबूरन टैंकर से पानी मंगाना पड़े. अमर उपाध्याय ने कहा कि अधिकारी पर्याप्त जलापूर्ति पर जवाब देने की बजाय आफिस छोड़कर भाग रहे हैं. लेकिन ऐसा नहीं चलेगा. उन्होंने कहा कि आज स्थानीय पुलिस ने पानी दिलाने और टैंकर माफियाओं के संदर्भ में जांच का भरोसा दिलाया है. यदि समाधान नहीं मिला तो खारघर वासियों को लेकर सिडको मुख्यालय में ताला लगाएंगे.वहीं मंडल अध्यक्ष प्रवीण पाटिल ने कहा कि यदि पानी की नियमित सप्लाई नहीं शुरु हुई तो सिडको अधिकारियों के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज कराएंगे.
पक्षपात पूर्ण सप्लाई, बिन पानी कैसे जी पाएंगे-नागरिक
वहीं नागरिकों ने भी सिडको और पीएमसी पर पानी सप्लाई में पक्षपात का आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि पहले 150 एमएलडी पानी आता था लेकिन उसे घटाकर 50एमएलडी कर दिया.. नागरिकों ने कहा कि सिडको अधिकारी पक्षपात पूर्ण पानी सप्लाई कर रहे हैं. यह अन्याय है. सबको नियमित पानी होना चाहिए.खारघर में पानी के लिए तीखा आंदोलन, भागे सिडको अधिकारी



