Trending

Bhasha Samvad : हिंदीभाषी विकास महासंघ की लांचिंग, सर्वपक्षीय नेताओं ने दिया समर्थन

Hindibhashi Vikas Mahasangh will become a platform for dialogue and cooperation of migrants

नवी मुंबई/ प्रणव शर्माः वाशी के रघुलीला बैक्वेट हॉल में आयोजित हिंदीभाषा संवाद कार्यक्रम में आज सर्वपक्षीय हिंदीभाषी नेताओं ने हिस्सा लिया और मराठी सख्ती के नाम पर प्रताड़ित किए जा रहे हिंदीभाषियों के पक्ष में खड़े होने का भरोसा दिलाया. “संवाद से समाधान” के इस खुले कार्यक्रम में बीजेपी उत्तरभारतीय मोर्चा नवी मुंबई के जिलाध्यक्ष राजेश राय, रायगड़ के जिलाध्यक्ष संतोष शर्मा, शिवसेना हिंदीभाषी सेल के ऐरोली जिलाप्रमुख ललित झा, शिवसेना उबाठा के राज्य पदाधिकारी अवधेश शुक्ला, कांग्रेस के हिंदीभाषी नेता मनोज उपाध्याय, कपिल यादव, एनसीपी अजीत पवार गुट के जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्रा एवं ठाणे के हिंदीभाषी नेता अरुण शुक्ला, और बीजेपी रायगड़ के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने मुखर होकर अपनी भूमिका रखी. सर्वपक्षीय हिंदीभाषी नेताओं ने माना कि भाषा के नाम पर हो रही सख्ती और प्रताड़ना का प्रतिकार होना चाहिए, लेकिन उसके साथ ही भाषाई संतुलन के प्रयास चलते रहने चाहिए. सर्वपक्षीय नेताओं ने यह भी कहा कि अक्सर ज्वलंत एवं समसामयिक मुद्दों पर भी प्रवासी हिंदीभाषी समाज अपने नेताओं के समर्थन में नहीं आता. इसलिए एकजुटता की मानसिकता अपनानी होगी. उन्होंने कहा कि सामुदायिक उत्थान के लिए सामूहिक मंच और सामूहिक प्रयास दोनों जरूरी है. वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत सिंह ने अपनी प्रस्तावना रखते हुए भरोसा दिलाया कि महासंघ हिंदीभाषी प्रवासियों और नेताओं के बीच संवाद और सहयोग का नया मंच बनेगा. वादा किया कि शैक्षणिक-सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए हिंदीभाषी समुदाय को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा.

5 प्रस्ताव पेश, हिंदीभाषी नेता पार्टियों से कराएं समर्थन-निर्णायक अरविंद राही का सुझाव 

संवाद से समाधान कार्यक्रम में 5 प्रस्तावों को मंजूर किया गया, जिन्हें राज्य और केंद्र सरकार को भेजा जाएगा.इसे अनूठी और स्तरीय पहल बताते हुए सुप्रीम कोर्ट के वकील एड.रमेश त्रिपाठी एवं वरिष्ठ साहित्यकार अरविंद राही तथा हिंदीभाषी विकास महासंघ की ओर से सीनियर ट्रस्टी प्रमोद सिंह ने समर्थन किया. निर्णायकों अपनी समीक्षा में हिंदीभाषी नेताओं की भूमिका और कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठाए और सामुदायिक एकजुटता के लिए पार्टी से ऊपर उठकर कार्य करने का सुझाव दिया. उन्होंने बीजेपी-महायुति नित राज्य सरकार की ढुलमुल भूमिका और नेताओं के मौन पर तीखी टिप्पणी करते हुए सामाजिक सुरक्षा के लिए खुलकर भूमिका रखने का आह्वान किया. नवी मुंबई में ऐसा पहली बार हुआ जब एक मंच पर सर्वपक्षीय हिंदीभाषी नेताओं ने शिरकत की और सामुदायिक प्रश्नों पर अपना पक्ष रखा. इस कार्यक्रम का आयोजन टीवी वन इंडिया के सौजन्य से हिंदीभाषी विकास महासंघ के तत्वावधान में किया गया था. इस अवसर पर अल्पसंख्यक समाज के नेता कमर अली चौधरी, वरिष्ठ समाजसेवी जेबी सिंह, अशोक सिंह बंधु, वरिष्ठ पत्रकार मुनिंद्र झा,मनोज श्रीवास्तव, बीजेपी पदाधिकारी विनोद उपाध्याय, बीजेपी बिहार प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, शिवसेना के पनवेल शहर अध्यक्ष डीएन मिश्रा, जयअंबे मित्र मंडल के अध्यक्ष अजय कृष्ण तिवारी समेत तमाम विशिष्ट जन मौजूद रहे. उन्होंने हिंदीभाषी विकास महासंघ की सराहना की जिसकी वजह से आज सभी पार्टियों के हिंदीभाषी नेताओं से सीधे सवाल पूछने का अवसर मिल सका. उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को नियमित करने का भी सुझाव दिया.

वेबसाईट और मराठी सीखो अभियान का पोस्टर लांच

इस कार्यक्रम के दौरान हिंदीभाषी विकास महासंघ की नई वेबसाईट www.hindibhashimahasangh.in की लांचिंग की गयी. साथ ही मराठी सीखो अभियान का पोस्टर लांच किया गया.यह अभियान हिंदीभाषियों को मुफ्त मराठी सिखाने के लिए प्रारंभ किया गया है. महासंघ की ओर से संवाद कार्यक्रम में 5 प्रस्ताव पेश किए गए जिन पर सर्वपक्षीय नेताओं ने अपना समर्थन दिया. बीजेपी के राजेश राय, संतोष शर्मा, एनसीपी के दिलीप मिश्रा ने जहां खुला समर्थन दिया वहीं कांग्रेस के मनोज उपाध्याय एवं शिवसेना के अवधेश शुक्ला ने तीसरे नंबर के प्रस्ताव हिंदी को द्वितीय  भाषा का दर्जा देने की मांग पर असहमति जताई हालांकि शेष 4 मांगों को समर्थन किया. सभी नेताओं ने हिंदीभाषियों के साथ किसी भी तरह के अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने, न्याय के लिए मदद करने एवं एकजुटता और उत्थान के लिए विशेष योगदान देने का वादा किया.

महासंघ की नई कार्यकारिणी की घोषणा

इस दौरान हिंदीभाषी विकास महासंघ की नई कार्यकारिणी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत सिंह, कोषाध्यक्ष मार्कंडेय केवट हरिओम, महासचिव सुधीर शर्मा, ट्रस्टी डॉ.आजाद वर्मा एवं वरिष्ठ ट्रस्टी प्रमोद सिंह, महिला ट्रस्टी निलम तिवारी के नामों की घोषणा की गई और सभी हिंदीभाषियों से वेबसाईट और सीधे संपर्क के जरिए महासंघ से जुड़ने की अपील की गई. विनोद निगम, मनोज श्रीवास्तव, जेबी सिंह, अजय कृष्ण तिवारी, सत्यवान शर्मा, मुनिंद्र झा, अशोक सिंह ने प्रश्न पूछे, और नेताओं से जवाब मांगा. कार्यक्रम का सूत्र संचालन टीवी वन इंडिया के एडिटर सुधीर शर्मा ने किया और आभार प्रदर्शन महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मार्कंडेय केवट हरिओम ने किया.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker