
Jgannath Rathyatra: नवी मुंबई के खारघर में दिव्य रथ यात्रा, भगवान जगन्नाथ के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
Divine Lord Jagannath Rath Yatra in Kharghar, Navi Mumbai, devotees gathered to see
नवी मुंबई, प्रतिनिधिः उड़ीसा के पूरी जगन्नाथ धाम की तर्ज पर आज नवी मुंबई के खारघर में भव्य रथयात्रा निकली. इसका शुभारंभ खारघर सेक्टर 5 के जयजगन्नाथ मंदिर से हुआ और उत्सव चौक होते हुए मेट्रो चौक पर समापन हुआ वहीं महाराष्ट्र ओरिया समाज वेल्फेयर एसोसिएशन की ओर से निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में उड़िया समाज के साथ ही स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया. वहीं सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र खारघर की भगवान जगन्नाथ की दूसरी रथ यात्रा रही. इस भव्य रथयात्रा का आयोजन जय जगन्नाथ लोकतरण ट्रस्ट के सौजन्य से किया गया था जिसमें नवी मुंबई, ठाणे, मुंबई समेत तमाम इलाकों में रह रहे प्रवासी उड़िया लोग शामिल हुए. इस रथयात्रा का शुभारंभ बालाजी आंगन से सेक्टर 3 से होकर सेक्टर 12 के शिवमंदिर में समापन हुआ. जय जगन्नाथ लोकतरण ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष विभूति रथ ने बताया कि वर्ष 2025 की रथयात्रा दिव्य रही. उड़िया समाज के साथ ही नवी मुंबई-पनवेल आदि क्षेत्रों से आए 4 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ इस दिन अपना निवास छोड़ते हैं और 5 दिन बाद लौटते हैं इसलिए आज से 5 दिनों तक भगवान जगन्नाथ अपने ननिहाल रहते हैं जहां भक्त उनकी पूजा अर्चना करते हैं.
खारघर की सांस्कृतिक पहचान बनी रथयात्रा
जय जगन्नाथ ओरिया समाज वेल्फेयर एसोसिएशन और जय जगन्नाथ लोकतरण ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि जगन्नाथ रथयात्रा नवी मुंबई में धार्मिक आयोजन के साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक सद्भावना बढ़ाने का एक माध्यम बन गया है. वहीं बीजेपी के जिला सचिव बृजेश पटेल ने इस रथ यात्रा को खारघर की सांस्कृतिक पहचान बताया और दिव्ययात्रा के आयोजन के लिए सबको शुभकामना दी.



