Trending

‘भरारी 2025’ से युवाओं को करियर की नई उड़ान, पनवेल में ऐतिहासिक करियर शिविर

‘Bharari 2025’ gives new flight of career to youth, historic career camp in Panvel

पनवेल/सुमित गायकवाड: दानशील और समाजसेवा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाने वाले पूर्व सांसद लोकनेते रामशेठ ठाकूर ने अपने 75वें वर्ष में, अर्थात अमृत महोत्सव वर्ष में प्रवेश किया है। इस विशेष अवसर को और भी अधिक सार्थक बनाने के उद्देश्य से उनके नेतृत्व में विविध समाजोपयोगी उपक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन्हीं उपक्रमों की श्रृंखला में, आज पनवेल में एक विशेष करियर मार्गदर्शन शिविर ‘भरारी 2025’ का आयोजन किया गया। यह मुफ्त मार्गदर्शन शिविर विशेष रूप से पनवेल महानगरपालिका क्षेत्र के दसवीं और बारहवीं उत्तीर्ण छात्रों के लिए आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को उनके भविष्य के करियर की दिशा तय करने में सहायता करना था। इस आयोजन की जिम्मेदारी महाराष्ट्र नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमकेसीएल), पनवेल ने सफलतापूर्वक निभाई।

संघर्ष से सफलता तक: एक प्रेरणादायी शुरुआत

शिविर का आयोजन आद्य क्रांतिवीर वासुदेव बळवंत फडके नाट्यगृह, पनवेल में बड़े उत्साह और भव्यता के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन लोकनेते रामशेठ ठाकूर के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंच पर कई मान्यवर उपस्थित रहे जिनमें एमकेसीएल के कोकण विभाग समन्वयक जयंत भगत, पनवेल महानगरपालिका के पूर्व नगरसेवक अनिल भगत, पुणे एमकेसीएल के वरिष्ठ प्रबंधक नटराज कटकधोंड, स्वाती जयंत भगत एवं एमएस-सीआयटी के विविध केंद्र प्रमुख शामिल थे। छात्रों के साथ उनके अभिभावकों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। उद्घाटन के पश्चात रामशेठ ठाकूर ने अपने जीवन के संघर्षों और अनुभवों को साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने सीमित संसाधनों में अपना करियर बनाया और विभिन्न कठिनाइयों को पार करते हुए समाजसेवा में अपना योगदान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कठिनाइयों से डरना नहीं चाहिए बल्कि उन्हें अवसरों में बदलना चाहिए। उनका उद्बोधन छात्रों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भरने वाला रहा।

छात्रों के भविष्य को दिशा देने वाला सत्र

कार्यक्रम में प्रसिद्ध करियर गाइड, लेखक और वक्ता प्रो. विजय नवले ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। उन्होंने अपने प्रभावी और प्रेरक शैली में छात्रों को आधुनिक युग में उपलब्ध करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी। प्रो. नवले ने बताया कि आज का युग केवल डॉक्टर, इंजीनियर, वकील या शिक्षक जैसे पारंपरिक करियर विकल्पों तक सीमित नहीं है, बल्कि डिज़ाइन, मीडिया, उद्यमिता, लॉ, मैनेजमेंट, आर्ट्स, कॉमर्स, स्पर्धा परीक्षा जैसे अनेक क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि करियर चयन करते समय छात्रों को अपनी रुचि, योग्यता और वर्तमान बाजार की मांग को ध्यान में रखना चाहिए। इस व्यावहारिक दृष्टिकोण से छात्रों को सही दिशा में मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। शिविर के समापन पर विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इस आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों के लिए अत्यंत लाभदायक हैं और ऐसी पहल भविष्य में भी नियमित रूप से होनी चाहिए। इस सफल आयोजन का समन्वय पनवेल स्थित एमएस-सीआयटी केंद्रों द्वारा किया गया, जिनके अथक प्रयासों से कार्यक्रम सुसंगठित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। ‘भरारी 2025’ के माध्यम से न केवल छात्रों को करियर की दिशा में मार्गदर्शन मिला, बल्कि उन्हें अपने भविष्य के सपनों को साकार करने की प्रेरणा भी मिली। लोकनेते रामशेठ ठाकूर के अमृत महोत्सवी वर्ष का यह सामाजिक उपक्रम निश्चित ही युवाओं के भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker