Devendra Fadnavis on kurla accident : मुंब्रा हादसे से सबक, लोकल में दौड़ेंगी नई एसी ट्रेनें: फडणवीस का बड़ा ऐलान
Devendra Fadnavis on Kurla accident: Lesson from Mumbra accident, new AC trains will run in local: Big announcement by Fadnavis
मुंबई/सुमित गायकवाड : मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेनों में दिन-ब-दिन बढ़ती भीड़ से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि लोकल में भीड़ कम करने के लिए बिना किराया बढ़ाए बड़ी संख्या में एसी लोकल ट्रेनें शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह घोषणा मंगलवार, 10 जून को आयोजित एक विशेष पत्रकार परिषद में की। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रखी गई थी। उन्होंने कहा कि मुंबई की लोकल ट्रेनों में भीड़ एक गंभीर समस्या बन गई है और इसे हल करने के लिए अब ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मुंब्रा में रेल दुर्घटना के बाद जागी सरकार, उठाए जा रहे ठोस कदम
मुख्यमंत्री ने हाल ही में मुंब्रा में हुई रेल दुर्घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा,
“मुंब्रा की घटना से हमने कई सबक लिए हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मुझसे लगभग 45 मिनट तक चर्चा की। उन्होंने इस समस्या की गहराई, कारण और संभावित समाधान साझा किए। इस सरकार के कार्यकाल में उपनगरीय रेलवे नेटवर्क में अब तक की सबसे बड़ी निवेश की गई है।” उन्होंने यह भी बताया कि मेट्रो नेटवर्क का विस्तार पूरा न होने की वजह से लोकल ट्रेनों पर अभी भी अत्यधिक दबाव बना हुआ है। इसलिए अतिरिक्त ट्रेनों की आवश्यकता है और इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय ने एसी लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है – वह भी बिना यात्रियों पर किराया बोझ डाले। मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह भी बताया कि सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव करके कुछ हद तक लोकल की भीड़ कम करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा,
“खासकर सरकारी कार्यालयों में समय में बदलाव संभव हो पाया है, जिससे पिक आवर्स में थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, निजी क्षेत्र में ऐसा करना थोड़ा कठिन है, क्योंकि वे अपने मुनाफे को प्राथमिकता देते हैं। बावजूद इसके, इस दिशा में कुछ और प्रयास किए जाएंगे।”
~ मुख्यमंत्री फडणवीस
फडणवीस ने कहा कि लोकल ट्रेनों में सुरक्षा और सुविधा का स्तर सुधारना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वीकार किया कि लोकल ट्रेनों में दरवाजे लगाने की मांग पर विचार किया गया है, लेकिन इससे वेंटिलेशन की समस्या खड़ी हो सकती है। सरकार इस पर भी ठोस समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है।
“आत्मनिर्भर भारत” से “विकसित भारत” तक का सफर
मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा “संकल्प से सिद्धि” की रही है। उन्होंने कहा,
“मोदी सरकार ने आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी और आज हम विकसित भारत की ओर तेज़ी से बढ़ रहे हैं। देश की पायाभूत संरचना, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, और रेलवे क्षेत्र में जो प्रगति हुई है, वह ऐतिहासिक है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर मुंबई की उपनगरीय रेल सेवा को और सशक्त बनाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए एक समन्वित योजना तैयार की जाएगी। मुंबई के करोड़ों यात्रियों के लिए यह खबर राहत देने वाली है। बिना किराया बढ़ाए एसी ट्रेनें लाना न सिर्फ यात्रा को सुविधाजनक बनाएगा, बल्कि भीड़भाड़ की समस्या को भी काफी हद तक कम करेगा। अब देखना यह होगा कि ये योजनाएं कितनी जल्दी और प्रभावी तरीके से जमीन पर उतरती हैं।




