Trending

Train ccident in Mumbai: लोकल ट्रेन से गिरकर 8 यात्रियों की मौत, रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल

Shocking accident in Mumbai: 8 passengers died after falling from local train, questions raised on railway safety

मुंबई/प्रतिनिधी : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर एक दर्दनाक रेल हादसे की गवाह बनी। सप्ताह के पहले ही दिन, सोमवार को मध्य रेलवे के कसारा-सीएसएमटी लोकल मार्ग पर हुए एक भयावह हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 9 बजे मुंब्रा और दिवा रेलवे स्टेशन के बीच घटी, जब लोकल ट्रेन में सफर कर रहे कुछ यात्री अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कसारा से सीएसएमटी की ओर जाने वाली एक तेज लोकल ट्रेन और सीएसएमटी से ठाणे की ओर जा रही पुष्पक एक्सप्रेस एक मोड़ पर एक-दूसरे के पास से गुजर रही थीं। उसी वक्त, लोकल ट्रेन के फुटबोर्ड पर खड़े यात्रियों की बैग पास से गुजर रही एक्सप्रेस ट्रेन से टकरा गई। इस टक्कर के चलते यात्रियों का संतुलन बिगड़ा और वे नीचे पटरी पर गिर पड़े। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्नील नीला ने बताया, “दोनों ट्रेनों के बीच सामान्यत: लगभग डेढ़ से दो मीटर का फासला होता है, लेकिन अधिक भीड़ और यात्रियों के फुटबोर्ड पर लटककर यात्रा करने के कारण यह हादसा हुआ।”

 

“यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना है। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवारों के दुख में सहभागी हूं। घायलों का इलाज शिवाजी हॉस्पिटल और ठाणे सामान्य रुग्णालय में चल रहा है। हादसे की पूरी जांच के आदेश दिए गए हैं और रिपोर्ट जल्द सामने आएगी।”

~ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

रेल पटरी पर गिरने से मचा हड़कंप, कई की मौके पर ही मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में पहुंचाया। जख्मी यात्रियों का कळवा सरकारी अस्पताल और ठाणे सामान्य रुग्णालय में इलाज चल रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस हादसे में अब तक 8 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं।

“मैं इस भीषण दुर्घटना से बेहद व्यथित हूं। मैंने खुद अस्पताल प्रशासन से बात की है और घायलों को बेहतरीन इलाज देने के निर्देश दिए हैं। यह हादसा क्यों हुआ, इसकी गहराई से जांच की जा रही है।”

~ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

रेल हादसे ने दी चेतावनी, अब क्या सख्त कदम उठाएगी रेलवे?

रेलवे विभाग ने हादसे के बाद यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गंभीरता से विचार करना शुरू कर दिया है। रेलवे बोर्ड ने पहले ही यह निर्णय लिया था कि मुंबई की सभी नई लोकल ट्रेनों में ऑटोमेटिक बंद होने वाले दरवाजे लगाए जाएंगे। साथ ही, वर्तमान में इस्तेमाल हो रही लोकल ट्रेनों के डिब्बों को भी रीडिज़ाइन किया जाएगा और उनमें भी यह सुविधा जोड़ी जाएगी। रेलवे प्रवक्ता स्वप्नील नीला ने बताया, “यह हादसा दोनों ट्रेनों के क्रॉसिंग के दौरान हुआ जब अधिक भीड़ के कारण यात्री एक-दूसरे से टकराए और नीचे गिर गए।”

“यह हादसा उपनगरीय रेल यातायात की भीड़ और असुरक्षा को उजागर करता है। हमें यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। रेलवे को इस दिशा में ठोस और त्वरित कदम उठाने होंगे।”

~ उपमुख्यमंत्री अजित पवार

यात्रियों में आक्रोश, सुरक्षा को लेकर चिंता

इस हादसे ने एक बार फिर से मुंबई लोकल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि रोजाना अत्यधिक भीड़ के चलते लोग मजबूरी में दरवाजों पर लटककर यात्रा करते हैं, जो बेहद खतरनाक है। मुंबई लोकल, जिसे शहर की ‘लाइफलाइन’ कहा जाता है, आज एक त्रासदी का कारण बनी है। यह हादसा एक चेतावनी है कि यदि भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा उपाय और यात्री सुविधा जैसे मुद्दों पर तुरंत ध्यान नहीं दिया गया, तो ऐसे हादसे दोहराए जा सकते हैं। प्रशासन और रेलवे विभाग के लिए यह वक्त है आत्ममंथन करने का — ताकि लाखों जिंदगियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker