Operation Sinddor : सर्वदलीय बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रशंसा, Modi से क्या बोले राहुल गांधी
All political parties of India praised 'Operation Sindoor', Rahul Gandhi support to PM

दिल्ली/ विशेष प्रतिनिधिः पाकिस्तानी आतंकी अड्डों पर भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है. आशंका है कि पाकिस्तान कभी भी भारत पर जवाबी कार्रवाई कर सकता है. ऐसे में पूरे देश में सुरक्षा को लेकर चिंताएं हैं. आज दोपहर सरकार की ओर से इस नाजुक हालात पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक खत्म हो गयी है. बैठक में कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे. बैठक में खास तौर पर राजद के तेजस्वी यादव, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, समेत बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह, एनएसए अजीत डोभाल समेत कई दलों के नेता और तमाम मंत्री मौजूद रहे. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए पाकिस्तानी आतंकी अड्डों पर भारतीय सेना की आनुपातिक, नपी तुली और नियंत्रित कार्रवाई का पूरा ब्यौरा दिया. पाकिस्तान की ओर से सैन्य हमले का खतरा बताते हुए सुरक्षा के क्या इंतजाम किए जा रहे हैं इसकी भी जानकारी दी और युद्ध की स्थिति से निपटने सभी पार्टियों से समर्थन की अपील की. जानकारी के अनुसार सभी दलों ने देश की सुरक्षा और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने सरकार का समर्थन देने का भरोसा दिलाया है.
सर्वदलीय नेताओं ने की ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रशंसा
भारतीय रक्षा बलों द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की भारत के सभी राजनीतिक दलों ने प्रशंसा की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम में निर्दोष भाइयों और बहनों की नृशंस हत्या का भारत का जवाब है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना की प्रशंसा की है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने विचार व्यक्त किया है कि दुनिया को आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस दिखाना चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भारत आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने में सक्षम और प्रतिबद्ध है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी ऑपरेशन की प्रशंसा की है।राहुल गांधी ने लिखाः भारतीय सेना पर गर्व है!
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा है कि उन्हें भारतीय सेना पर गर्व है, हालांकि उन्होंने मोदी सरकार के बारे में कुछ भी नहीं कहा. वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखित पत्र पढ़ते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कोई भी निर्णायक कार्रवाई करने के लिए कांग्रेस, सेना और सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है। पाकिस्तानी आतंकी अड्डों पर मिसाइल के जरिए की गयी भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राईक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बसे 2 शब्दों में अपनी प्रतिक्रिया दी, और अध्यक्ष खरगे की ओर मुखातिब हो गए. राफेल खरीद पर मोदी सरकार को घेरने वाले राहुल गांधी ज्यादा कुछ बोलने से बचते नजर आए. संभवतः उन्हें बताया गया हो कि सरकार ने पहलगाम में मारे गए निर्दोष पर्यटकों की मौत का बदला लिया है इसलिए आपरेशन सिंदूर पर ज्यादा कुछ बोलना सही नहीं रहेगा. याद हो कि पिछले सर्जिकल स्ट्राइक पर राहुल गांधी और कांग्रेस ने खूब सवाल उठाया था जिसे पाकिस्तान ने भी कई मंचों पर कोट करते हुए भारत की कार्रवाई का विरोध किया था.
पहलगाम के पर्यटकों को मिली सच्ची श्रद्धांजलिः रामदास आठवले
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई पर खुशी जताई है। उन्होंने आपरेशन सिंदूर को पहलगाम के निर्दोष पर्यटकों को समर्पित किया है. वहीं उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने सैन्य कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा है कि देश को भारतीय सैनिकों की क्षमताओं पर पूरा भरोसा है और पूरा देश एकजुट होकर उनके साथ खड़ा है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय सेना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि हर भारतीय को भारतीय सेना पर पूरा भरोसा है, जो भारत की संप्रभुता की रक्षा करती है और आज भारतीय वायु सेना ने उस भरोसे को साबित करते हुए पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला लिया है।
केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि हमें भारतीय सेना पर गर्व है और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से सेना द्वारा किया गया कार्य अद्वितीय है, जबकि पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए पर्यटकों के लिए यह सच्ची श्रद्धांजलि है।



