Nagpur Violence: नितेश राणे भड़के, कहा इनको पाकिस्तान के अब्बा याद आएंगे
Nagpur Violence: Nitesh Rane got angry, said "They will miss their father from Pakistan
मुंबई : महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने हाल ही में नागपुर में हुई हिंसा पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग पुलिसकर्मियों पर हमला करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। राणे ने हमलावरों को “जिहादी” करार देते हुए कहा कि ये लोग हमेशा पुलिस पर ही हमला क्यों करते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि जो पुलिस पर हाथ उठाएंगे, वे “पाकिस्तान के अब्बा” को याद करेंगे। नागपुर में हुई हिंसा में 33 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें तीन डीएसपी रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं, और एक पुलिसकर्मी पर कुल्हाड़ी से वार किया गया है।
नितेश राणे की कड़ी चेतावनी
नितेश राणे ने कहा, “हर बार हिंसा में पुलिसकर्मी निशाना बनते हैं। जिन्होंने पुलिस के ऊपर हाथ उठाया है, उनका हाथ हम छोड़ेंगे नहीं। पहले भी पुलिस पर हमला हुआ था, लेकिन अब जो ये लोग पुलिस पर हमला करेंगे, उन्हें ऐसी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा कि पाकिस्तान के अब्बा भी याद करेंगे।” नितेश राणे ने यह भी कहा कि “हिंदुओं के साथ खड़े होने में कुछ गलत नहीं है। मैं सनातन धर्म के साथ खड़ा हूं। औरंगज़ेब को किताबों से हटाना होगा, यह कांग्रेस का पाप है।” उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले भी भिवंडी और आज़ाद मैदान जैसे आंदोलनों में पुलिसकर्मियों पर हमले हुए थे, लेकिन अब ऐसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी कि कोई भी ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेगा।
महाराष्ट्र को मणिपुर बनाने का आरोप
आदित्य ठाकरे ने मीडिया से बातचीत में कहा, “जब भी किसी शहर में ऐसी घटना होती है, तो उसकी रिपोर्ट सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और गृह विभाग में जाती है। दोनों ही देवेंद्र फडणवीस के पास हैं, तो क्या उन्हें जानकारी नहीं थी? बीजेपी महाराष्ट्र को मणिपुर बनाना चाहती है। वहां हिंसा हो रही है, लोग मारे जा रहे हैं, क्या इस तरह से निवेश आएगा? बीजेपी को जहां शासन करना नहीं आता, वहां दंगे भड़काए जाते हैं।”
आदित्य ठाकरे के बयान पर पलटवार
शिवसेना-यूबीटी के विधायक आदित्य ठाकरे द्वारा बीजेपी पर मणिपुर जैसा माहौल बनाने का आरोप लगाए जाने पर नितेश राणे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आदित्य ठाकरे को आरोप लगाने का कोई हक नहीं है, क्योंकि उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में पाकिस्तान के नारे लगाए गए थे।” आदित्य ठाकरे ने यह आरोप लगाया था कि बीजेपी महाराष्ट्र को अगला मणिपुर बनाना चाहती है, जहां हिंसा और अशांति फैलाई जा रही है। इस बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सीआरपीएफ की पांच टुकड़ियां तैनात की गई हैं।



