पीएम मोदी का मेगा टूर: 23 फरवरी से मध्य प्रदेश, बिहार और असम का दौरा
Prime Minister Modi to Kick Off State Visits to Madhya Pradesh, Bihar, and Assam
नई दिल्लीः दिल्ली में बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोकस अब पूर्वोत्तर के राज्यों की तरफ हो गया है. चुनावी मोड में आ चुके पीएम मोदी इसके लिए अब पुर्व उत्तर के राज्यों में दौरा करने वाले हैं. प्रधानमंत्री 23 से 25 फरवरी तक मध्य प्रदेश, बिहार और असम का दौरा करेंगे. प्रधानमंत्री छतरपुर, मध्य प्रदेश में बागेश्वर धाम चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखेंगे. वहीं भोपाल, मध्य प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 का उद्घाटन करेंगे. साथ ही भागलपुर, बिहार में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. यहां प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करेंगे. प्रधानमंत्री गुवाहाटी, असम में एडवांटेज असम 2.0 निवेश एवं बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन 2025 का उद्घाटन करने वाले हैं. असम में झुमोइर बिनंदिनी (मेगा झुमोर) 2025 कार्यक्रम में भी भाग लेंगे.
पहली बार बागेश्वर धाम सरकार के बुलावे पर पहुंचेंगे पीएम
23 फरवरी को वे मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में जाएंगे और दोपहर करीब 2 बजे बागेश्वर धाम चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखेंगे। 24 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे प्रधानमंत्री भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे बिहार के भागलपुर जिला जाएंगे और दोपहर करीब 2:15 बजे पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे और बिहार में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद वे गुवाहाटी जाएंगे और शाम करीब 6 बजे झुमोइर बिनंदिनी (मेगा झुमोर) 2025 कार्यक्रम में शामिल होंगे। 25 फरवरी को सुबह करीब 10:45 बजे प्रधानमंत्री गुवाहाटी में एडवांटेज असम 2.0 निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन 2025 का उद्घाटन करेंगे।



