
MLA मंदा म्हात्रे की सिडको से मांगः तोड़क कार्रवाई का भय दिखाकर धन उगाही बंद करो
MLA Manda Mhatre demands from CIDCO: Stop extorting money by threatening demolition action
नवी मुंबईः बेलापुर की बीजेपी विधायक मंदा म्हात्रे ने आज सिडको उच्चाधिकारियों से मुलाकात की और बेलापुर-नवी मुंबई की तमाम नागरी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उसके समाधान पर जोर दिया. विधायक मंदाताई म्हात्रे ने सिडको के ज्वाइंट एमडी गणेश देशमुख के समक्ष बेलापुर विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए मंदिरों को अधिकृत करने, सामाजिक उपयोग के लिए भूखंड देने, और लंबित पड़े मुद्दों को हल करने संबंधी जरूरी पहल करने की अपील की. इस दौरान पूर्व नगरसेवक दीपक पवार, विकास सोरटे, समेत कई सोसायटियों और संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
तोड़क कार्रवाई का भय दिखाकर हो रही वसूलीःविधायक
चर्चा के दौरान बीजेपी विधायक मंदाताई म्हात्रे ने कहा कि सिडको ने किसी को भी फ्री में एक इंच जमीन भी नहीं दी है. पहले सिडको ने मंदिर, अस्पताल और स्कूलों के लिए सस्ती दरों पर प्लॉट दिए.लेकिन अब नहीं दे रही है. जबकि जनता को मंदिर, सामुदायिक भवन, बाजार, पार्किंग और अस्पताल एवं दूसरे प्रयोजनों के लिए जमीन चाहिए. लेकिन कहीं नहीं है. प्रकल्पग्रस्तों की सारी जमीनें ली हैं फिर भी उनके गरजेपोटी घरों पर कार्रवाई हो रही है. मकानों को तोड़ने का भय दिखाकर अधिकारी पैसा वसूल रहे हैं. यह मनमानी रुकनी चाहिए.
40 साल पुराने मंदिरों को अभय मिलना चाहिएःमंदा म्हात्रे
विधायक मंदाताई म्हात्रे ने कहा कि बेलापुर क्षेत्र के कई मंदिर 40 साल पुराने हैं. इन्हें सामाजिक विकास नियमों के तहत न्यूनतम कीमत में भूखंड देकर रेगुलर किया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मंदिरों को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा है. अदालत के विशेष निर्देश पर कुछ के खिलाफ कार्रवाई होने वाली है. विधायक ने इसे रोकने की मांग की. इस पर सिडको के सह प्रबंध निदेशक गणेश देशमुख ने कहा कि यह सब कानूनी मामला है, इसे मुख्यमंत्री के साथ बैठक में चर्चा कर समाधान तलाशने की कोशिश की जा सकती है. मंदा म्हात्रे ने कहा कि शासन निर्देशों के बाद बने स्थलों के खिलाफ कार्रवाई हो इसका किसी को भी ऐतराज नहीं है लेकिन जो पुराने धार्मिक स्थल हैं उन्हें नियमित करने में हर्ज नहीं है. सिडको जेएमडी ने विधायक की मांग और लंबित शिकायतों पर यथाशीघ्र कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया.



