Trending

Bihar से पूरे देश में पहुंचेगा मखाना! National Makhana Board की बड़ी पहल

Makhana will reach the entire country from Bihar! A big initiative of National Makhana Board.

बिहार, दरभंगा: देश में मखाना उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और इसकी खेती का विस्तार पारंपरिक उत्पादक क्षेत्रों से आगे करने के लिए राष्ट्रीय मखाना बोर्ड ने महत्वपूर्ण पहल की है। इस पहल के तहत बिहार के दरभंगा स्थित राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र की विशेषज्ञ टीम अब देश के दूसरे राज्यों के किसानों को मखाने की उन्नत खेती, बेहतर उत्पादन और आधुनिक प्रसंस्करण तकनीकों का प्रशिक्षण देगी। इसी कड़ी में आगामी 25 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा की तीन सदस्यीय विशेषज्ञ टीम छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर और असम के दौरे पर रहेगी। इस दौरान टीम इन राज्यों के किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को मखाना की वैज्ञानिक खेती, उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के तरीके, आधुनिक प्रसंस्करण तकनीक और खेती से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं की जानकारी देगी।

पारंपरिक खेती से आगे बढ़ेगा मखाना उत्पादन

बिहार लंबे समय से मखाना उत्पादन का प्रमुख केंद्र रहा है। दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और सीतामढ़ी जैसे जिले मखाना उत्पादन के लिए देशभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं। यहां के किसानों और कृषि वैज्ञानिकों ने मखाना की खेती और प्रसंस्करण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अनुभव हासिल किया है। अब इसी अनुभव और तकनीकी ज्ञान को देश के दूसरे राज्यों तक पहुंचाने की तैयारी है। राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र की विशेषज्ञ टीम किसानों को बताएगी कि किस प्रकार वैज्ञानिक पद्धति अपनाना मखाना की खेती को अधिक लाभकारी बना-या जा सकता है। इसका उद्देश्य उन क्षेत्रों में भी मखाना उत्पादन की संभावनाओं को विकसित करना है, जहां इसकी खेती के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध हैं।

राष्ट्रीय मखाना बोर्ड से किसानों को मिलेंगी नई संभावनाएं

बिहार में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की केंद्रीय योजना लागू होने के बाद मखाना क्षेत्र में उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, विपणन और निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास तेज हुए हैं। इससे मखाना उत्पादक किसानों को खेती के अतिरिक्त मूल्य संवर्धन और बाजार विस्तार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की पहल से मखाना को केवल पारंपरिक कृषि उत्पाद तक सीमित न रखते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पाद के रूप में स्थापित करने की संभावनाएं भी मजबूत हो रही हैं।

वैज्ञानिक तकनीक से किसानों को किया जाएगा प्रशिक्षित

दूरदर्शी से बातचीत में राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा के वरिष्ठ वैज्ञानिक मनोज कुमार ने बताया कि केंद्र की ओर से विशेषज्ञों की अलग-अलग टीमों को विभिन्न राज्यों में भेजा जा रहा है। इन टीमों के माध्यम से किसानों को मखाना की वैज्ञानिक खेती, बेहतर उत्पादन तकनीक और आधुनिक प्रसंस्करण से संबंधित जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य मखाना की खेती को देशव्यापी स्तर पर विस्तार देना है, ताकि दूसरे राज्यों के किसान भी इस फसल की संभावनाओं का लाभ उठा सकें।

दूसरे राज्यों के किसानों में भी बढ़ रही रुचि

वहीं, क्षेत्रीय मखाना किसान विशेषज्ञ सुरजीत कुमार सहनी के अनुसार, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के गठन के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में किसानों के बीच मखाना की खेती को लेकर उत्सुकता बढ़ी है। दूसरे राज्यों के किसान भी इस फसल की संभावनाओं को समझने और इसे अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के प्रशिक्षण से किसानों को मखाना की खेती की व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी मिलेगी। इससे नए क्षेत्रों में मखाना उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने के साथ कृषि क्षेत्र में नए अवसर विकसित हो सकते हैं।

बिहार का अनुभव बनेगा देश के किसानों के लिए मार्गदर्शक

दरभंगा से शुरू की गई यह पहल बिहार के कृषि ज्ञान और अनुभव को देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर और असम में होने वाला प्रशिक्षण मखाना उत्पादन के नए क्षेत्रों की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में मदद कर सकता है। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड और राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र की यह पहल मखाना की खेती को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण एवं विपणन तक नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

दरभंगा से तीन सदस्यीय विशेषज्ञ टीम 25 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर और असम में किसानों को मखाना की उन्नत खेती एवं प्रसंस्करण का प्रशिक्षण देगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker