हरिद्वार में कुंभ की भव्य तैयारी, श्रद्धालुओं को मिलेंगे स्नान के लिए अतिरिक्त घाट
Grand preparations for the Kumbh in Haridwar; additional bathing ghats to be available for pilgrims.

हरिद्वार, कुंभ: कुंभ-2027 को लेकर उत्तराखंड सरकार और प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। कुंभ मेले में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित स्नान व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार में गंगा किनारे नए घाटों का निर्माण और पुराने घाटों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसी बीच गंगा नहर की क्लोजर अवधि समाप्त होने के बाद नहर में दोबारा पानी छोड़ना शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही नवनिर्मित घाटों तक भी गंगा की धारा पहुंचने लगी है। कुंभ की तैयारियों के तहत सिंचाई विभाग की ओर से गंगा नहर और एस्केप चैनल पर करीब सवा तीन किलोमीटर लंबे 10 नए घाटों का निर्माण किया जा रहा है।
इसके अलावा हरकी पैड़ी के नजदीक शोल क्षेत्र में 82 मीटर लंबे एक अन्य घाट का निर्माण भी जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हरिद्वार में गंगा किनारे पक्के घाटों की कुल लंबाई लगभग 16 किलोमीटर हो जाएगी। यह विस्तार आगामी कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सुविधा साबित हो सकता है। दरअसल, गंगा नहर की बंदी के दौरान सिंचाई विभाग ने नए घाटों के जलमग्न हिस्सों का निर्माण पूरा किया। साथ ही पुराने घाटों की मरम्मत का काम भी किया गया। अब घाटों को अंतिम रूप देने, उनकी सजावट और सौंदर्यीकरण का काम तेजी से चल रहा है। इस पूरे कार्य को 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

नए घाटों के निर्माण से कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा। इससे हरकी पैड़ी और अन्य प्रमुख स्नान स्थलों पर बढ़ने वाले भीड़ के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
साथ ही प्रशासन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाना आसान होगा।



