खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 का शेड्यूल जारी, 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना में होगा खेलों का महाकुंभ
Schedule for Khelo India Youth Games 2026 released; the mega sporting event will be held in Telangana from December 11 to 22.

नई दिल्ली: देश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने प्रतियोगिता के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि इस बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 11 से 22 दिसंबर 2026 तक तेलंगाना में किया जाएगा। तेलंगाना पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इस बार प्रतियोगिता में कुल 28 खेल शामिल होंगे, जिनमें 27 प्रतिस्पर्धात्मक खेल और एक प्रदर्शनात्मक खेल होगा। आयोजकों के अनुसार, लगभग 6,000 खिलाड़ियों और 1,800 सहयोगी कर्मचारियों के इस 12 दिवसीय आयोजन में भाग लेने की उम्मीद है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मुकाबले तेलंगाना के विभिन्न शहरों में आयोजित किए जाएंगे। 22 खेलों के पदक मुकाबले हैदराबाद के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम कॉम्प्लेक्स, बशीरबाग और मॉडर्न गाचीबोवली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न खेल परिसरों में होंगे। इसके अलावा अलग-अलग खेलों के लिए अन्य शहरों को भी आयोजन स्थल बना-या गया है। तीरंदाजी के मुकाबले खम्मम, एथलेटिक्स हनमकोंडा, जूडो करीमनगर, टेबल टेनिस निजामाबाद और कबड्डी महबूबनगर में आयोजित होगी।
पहली बार सॉफ्टबॉल और सेलिंग को मिली जगह
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 में इस बार कुछ नए खेलों को भी शामिल किया गया है। सॉफ्टबॉल को पहली बार प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में जगह मिली है। वहीं सेलिंग यानी नौकायन को पहली बार प्रदर्शनात्मक खेल के तौर पर शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, गटका, जिम्नास्टिक्स, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कलरीपयट्टू, खो-खो, मल्लखंब, रोइंग, शूटिंग, तैराकी, सॉफ्टबॉल, टेबल टेनिस, टेनिस, थांग-टा, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती और योग जैसे 27 प्रतिस्पर्धात्मक खेल शामिल हैं।
युवा प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन का अवसर
केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता और प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से देश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का मौका मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों के तुरंत बाद खेलो इंडिया यूथ गेम्स होने से प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी शानदार रहेगा।-मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य भारत में खेलों की मजबूत व्यवस्था विकसित करना और ओलंपिक में देश की भागीदारी को अधिक से अधिक खेलों में बढ़ाना है। इसके लिए समुद्र और पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़े खेलों सहित विभिन्न खेल विधाओं को प्रोत्साहित करने की जरूरत है।

पिछले संस्करण में महाराष्ट्र बना था चैंपियन
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पिछले संस्करण का आयोजन 3 से 15 मई 2025 के बीच बिहार में हुआ था। उस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 158 पदक अपने नाम किए थे। इसमें 58 स्वर्ण, 47 रजत और 53 कांस्य पदक शामिल थे। महाराष्ट्र ने इस प्रदर्शन के साथ चैंपियनशिप अपने नाम की थी। यह महाराष्ट्र का पांचवां खिताब और लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने की उपलब्धि थी। पदक तालिका में हरियाणा ने 39 स्वर्ण, 27 रजत और 51 कांस्य सहित कुल 117 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया था। वहीं राजस्थान 24 स्वर्ण, 12 रजत और 24 कांस्य सहित कुल 60 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा था।
बिहार में बने थे 26 रिकॉर्ड
पिछले संस्करण में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 26 रिकॉर्ड बनाए थे। इनमें से आठ रिकॉर्ड महिला खिलाड़ियों के नाम रहे। वेटलिफ्टिंग में पांच राष्ट्रीय युवा रिकॉर्ड भी दर्ज किए गए थे। अब दिसंबर में तेलंगाना में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 को लेकर देशभर के युवा खिलाड़ियों में उत्साह है। पिछले संस्करण में चैंपियन रहे महाराष्ट्र के खिलाड़ियों पर एक बार फिर सभी की निगाहें होंगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि महाराष्ट्र अपनी बादशाहत बरकरार रख पाता है या हरियाणा, राजस्थान और अन्य राज्य इस बार उसे कड़ी चुनौती देते हैं।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का यह संस्करण न केवल युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाएगा, बल्कि देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।



