भाजपा में पद नहीं, दायित्व महत्वपूर्ण: अनुराग ठाकुर
In the BJP, responsibility is more important than a position Anurag Thakur.

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय सहभागिता की मिसाल पेश करते हुए समीरपुर मंडल के बूथ नंबर 7 में पन्ना प्रमुख का दायित्व संभाला। मंडल अध्यक्ष अभयवीर लवली ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर मंडल महामंत्री हिटलर ठाकुर एवं सुनील डोगरा, जिला उपाध्यक्ष चमन ठाकुर, बधानी वार्ड की जिला परिषद सदस्य रजनी देवी, मंडल विस्तारक अनिल धीमान सहित समीरपुर मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नेताओं की नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की पार्टी है। पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और बूथ स्तर तक समर्पण के साथ कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। भाजपा में किसी व्यक्ति का महत्व उसके पद की ऊंचाई से नहीं, बल्कि संगठन के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना से तय होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में बड़े से बड़ा नेता भी संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे शीर्ष नेताओं ने भी अपने राजनीतिक जीवन में बूथ स्तर पर संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। यही संगठनात्मक परंपरा भाजपा को अलग पहचान देती है और प्रत्येक कार्यकर्ता को यह संदेश देती है कि संगठन में हर जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
पन्ना प्रमुख की भूमिका अहम
अनुराग ठाकुर ने कहा कि पन्ना प्रमुख का दायित्व केवल मतदाता सूची के एक पन्ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पार्टी और समाज के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। पन्ना प्रमुख अपने क्षेत्र के परिवारों और मतदाताओं के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को संगठन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मतदाताओं से संपर्क बनाए रखने के साथ-साथ सामान्य दिनों में जनसंपर्क करना, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और संगठन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भी इस जिम्मेदारी का हिस्सा है।
बूथ की मजबूती ही संगठन की असली ताकत
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ की मजबूती ही पार्टी की वास्तविक ताकत है। स्वयं पन्ना प्रमुख का दायित्व संभालकर उन्होंने यह संदेश दिया कि संगठन में कोई भी जिम्मेदारी छोटी नहीं होती। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निभानी चाहिए।
उन्होंने संगठनात्मक कार्यों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को भाजपा की मजबूती का आधार बताते हुए बूथ स्तर पर निरंतर कार्य करने के महत्व पर जोर दिया।



