जौनपुर के मां शीतला चौकियां धाम में नवरात्रि की तैयारियां तेज
Reparations for Navratri are in full swing at Maa Sheetla Chowkiyan Dham in Jaunpur.

उत्तर प्रदेश,जौनपुर: जौनपुर में प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शीतला चौकियां धाम में शारदीय नवरात्रि को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर के मुख्य पंडा विवेकानंद महाराज ने बताया कि नवरात्रि के दौरान दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु उचित प्रबंध किए गए हैं। शारदीय नवरात्रि कल से शुरू हो रही है, जिसको लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मान्यता है कि मां शीतला चौकियां धाम में दर्शन करने के बाद श्रद्धालु मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन के लिए जाते हैं। नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मुख्य द्वार, गर्भगृह, हवन कुंड, मंदिर सरोवर और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा कर्मियों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। आपातकालीन स्थिति के लिए फायर सेफ्टी यंत्र भी लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आज़मगढ़ रोड से अलीखानपुर और शाहगंज हाइवे से धाम तक दो स्थानों पर छोटे व बड़े वाहनों के लिए बैरिकेडिंग की गई है। मेला क्षेत्र में चारपहिया/बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
करीब 6.45 करोड़ का सुंदरीकरण कार्य अभी पूरा नहीं हो सका है। दक्षिणी निकास द्वार के बरामदे की ढलाई पूरी हो गई है जबकि पूर्वी बरामदे में फर्श और पिलर छत ढलाई का काम चल रहा है। नवरात्र तक अस्थायी व्यवस्था से दर्शन कराने की योजना है। हालांकि अधिक दर्शनाथियों आने के कारण भीड को देखते हुये मंदिर का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा।
मंदिर परिसर, मुख्य द्वार और आसपास के क्षेत्रों को भव्य रूप से सजाया गया है। इसके अलावा धाम के सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से किया गया है। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए दर्शन व कतार की विशेष व्यवस्था की गई है।



