
मुंबई में लगेंगे 1 लाख पेड़, BJP का ‘हरित दिवाली’ संकल्प!
1 lakh trees to be planted in Mumbai; BJP’s Green Diwali pledge
मुंबई : मुंबई में बढ़ते शहरीकरण और विभिन्न विकास परियोजनाओं के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शहर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। पार्टी की योजना मुंबई की हाउसिंग सोसायटियों और निजी इमारतों के परिसरों में लगभग एक लाख नए पेड़ लगाने की है। इसके माध्यम से दिवाली से पहले मुंबईकरों को ‘हरित दिवाली’ की सौगात देने का संकल्प लिया गया है। BJP के मुंबई महानगरपालिका में सदन नेता एवं वृक्ष प्राधिकरण समिति के सदस्य गणेश खणकर ने इस संबंध में महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर मांग की है। उन्होंने वृक्ष प्राधिकरण की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया।
सार्वजनिक जगहों की कमी, सोसायटियों पर फोकस
मुंबई में वृक्षारोपण के लिए सार्वजनिक खुली जगहों की कमी को देखते हुए हाउसिंग सोसायटियों और निजी इमारतों के परिसरों में उपलब्ध खाली जगहों का प्रभावी उपयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। गणेश खणकर के अनुसार, मुंबई में लगभग 45 हजार हाउसिंग सोसायटियां और 15 हजार निजी इमारतें हैं। यदि प्रत्येक परिसर में कम से कम एक से दो पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, तो शहर में एक लाख नए पेड़ लगाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
पेड़ों की छंटाई की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग
वृक्षारोपण के प्रति रुचि होने के बावजूद कई हाउसिंग सोसायटियों को पेड़ों की खतरनाक या बाधा उत्पन्न करने वाली शाखाओं की छंटाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। महानगरपालिका की ओर से समय पर छंटाई नहीं होने पर सोसायटियों को निजी एजेंसियों की सेवाएं लेने के लिए अधिक खर्च करना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए गणेश खणकर ने महानगरपालिका प्रशासन से पेड़ों की छंटाई के लिए सरल और समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका मानना है कि इससे वृक्षारोपण के साथ-साथ पेड़ों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
‘हरित दिवाली’ का संकल्प कितना होगा सफल?
मुंबई में एक लाख नए पेड़ लगाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए महानगरपालिका प्रशासन, हाउसिंग सोसायटियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण होगी। इसके साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, पानी की व्यवस्था और संरक्षण सुनिश्चित करना भी जरूरी होगा। अब देखना होगा कि BJP की इस पहल पर महानगरपालिका प्रशासन क्या कदम उठाता है और दिवाली से पहले वृक्षारोपण के लक्ष्य की दिशा में कितनी प्रगति होती है।



