
सरकारी योजनाओं के प्रचार में सभी आजी-माजी जनप्रतिनिधियों को शामिल करे मनपा: निखिल मांडवे
Municipal Corporation should involve all current and former public representatives in the promotion of government schemes: Nikhil Mandve
नवी मुंबई: सरकारी एवं महानगरपालिका की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका प्रशासन को अपनी प्रचार-प्रसार नीति में व्यापक बदलाव करना चाहिए। केवल चुनिंदा वर्तमान जनप्रतिनिधियों तक योजनाओं की जानकारी सीमित रखने के बजाय वर्ष 1995 से अब तक के सभी पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर व्यापक जनजागृति अभियान चलाया जाए, ऐसी मांग युवासेना जिला महासचिव निखिल रतन मांडवे ने महानगरपालिका आयुक्त से पत्र के माध्यम से की है। मांडवे ने अपने पत्र में महानगरपालिका प्रशासन और जनसंपर्क विभाग की मौजूदा कार्यप्रणाली पर तीखी आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी सरकारी अथवा महानगरपालिका की जनकल्याणकारी योजना की घोषणा होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा केवल मौजूदा कुछ जनप्रतिनिधियों को पत्र भेजकर अथवा सूचना देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का क्रियान्वयन जनता के कर के पैसे से किया जाता है। इसलिए योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद नागरिक तक पहुंचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रचार-प्रसार को सीमित रखने के कारण कई पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।
1995 से सभी पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाए
युवासेना जिला महासचिव निखिल मांडवे ने मांग की है कि महानगरपालिका का पहला निर्वाचित सदन अस्तित्व में आने के बाद वर्ष 1995 से अब तक जनता का प्रतिनिधित्व कर चुके सभी पूर्व एवं वर्तमान नगरसेवकों और जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की जानकारी आधिकारिक रूप से उपलब्ध कराई जाए। इन पूर्व जनप्रतिनिधियों का आज भी अपने-अपने क्षेत्रों के नागरिकों के साथ सीधा संपर्क है। ऐसे में प्रशासन इनकी सामाजिक पहुंच और अनुभव का उपयोग योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कर सकता है।
केवल जनप्रतिनिधियों पर निर्भर न रहे प्रशासन
मांडवे ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का प्रचार केवल जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी नहीं है। योजनाओं को नागरिकों तक पहुंचाने की प्राथमिक जिम्मेदारी प्रशासन की है। इसलिए महानगरपालिका को स्वयं आगे बढ़कर योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी अभियान चलाना चाहिए।
मुख्य चौकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगें बैनर
मांडवे ने शहर के प्रत्येक प्रभाग के प्रमुख चौकों, बस स्टॉप, नागरिक सुविधा केंद्रों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महानगरपालिका की ओर से अधिकृत बैनर और सूचना फलक लगाने की मांग की है। इन पर संबंधित योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही सोशल मीडिया, डिजिटल माध्यमों और अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल कर योजनाओं की जानकारी सीधे नागरिकों तक पहुंचाने की मांग भी की गई है।
व्यापक जनजागृति अभियान की मांग
निखिल मांडवे ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उसका लाभ पात्र नागरिक तक पहुंचे। इसके लिए प्रशासन को सीमित प्रचार व्यवस्था से बाहर निकलकर व्यापक जनजागृति अभियान चलाना होगा। उन्होंने महानगरपालिका आयुक्त से मांग की है कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार की मौजूदा संकुचित कार्यप्रणाली को तत्काल समाप्त कर 1995 से अब तक के सभी आजी-माजी जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिया जाए और उनके सहयोग से योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाए।



