
पनवेल मनपा महिला व बालकल्याण विभाग की समीक्षा बैठक नई योजनाओं पर मंथन
Review meeting of the Panvel Municipal Corporation's Women and Child Welfare Department: Deliberation on new schemes.
नवी मुंबई: पनवेल महानगरपालिका के महिला एवं बालकल्याण विभाग की ओर से सोमवार, 5 अक्टूबर को मनपा मुख्यालय में विभिन्न योजनाओं और आगामी उपक्रमों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महिला एवं बालकल्याण समिति की सभापति ममता म्हात्रे ने की। बैठक में महिलाओं और बच्चों के शैक्षणिक, आर्थिक सशक्तीकरण तथा सामाजिक कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में महिला एवं बालकल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रभावी अमलदारी, मौजूदा योजनाओं में आवश्यक सुधार तथा नई योजनाओं के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान महिला एवं बालकल्याण समिति की सभी सदस्य, विभाग प्रमुख कीर्ति महाजन सहित मनपा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्र जिम एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी चर्चा
बैठक में 65 वर्ष से अधिक आयु की पात्र वरिष्ठ महिलाओं को आजीविका के लिए आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इसके साथ ही लड़कियों की स्कूल ड्रॉपआउट दर कम करने के लिए उपस्थिति भत्ता और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नई योजना शुरू करने पर भी विचार किया गया। महिला एवं बालकल्याण विभाग के माध्यम से पनवेल महानगरपालिका क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों के लिए स्वतंत्र जिम एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। वहीं, अनाथ बच्चों के लिए कार्यरत पात्र पंजीकृत संस्थाओं को आर्थिक सहायता देने तथा खांदेश्वर स्थित बालग्राम छात्रावास का दौरा कर संबंधित विषयों पर चर्चा करने का प्रस्ताव रखा गया।
महिलाओं को प्रोत्साहनपरक अनुदान देकर उनके आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के विषय पर भी बैठक में चर्चा हुई।
बैठक में महिला बचत समूहों को स्वरोजगार और व्यवसाय के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके तहत सिलाई मशीन, आटा चक्की, पापड़ मशीन, मिर्च कांडप मशीन, मसाला ग्राइंडर, सेवई मशीन आदि के लिए आर्थिक सहायता देने पर चर्चा की गई। आगामी दिवाली त्योहार को ध्यान में रखते हुए मनपा क्षेत्र की महिला बचत समूहों की महिलाओं के लिए व्यापारी ग्राहक पेठ आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। महिलाओं को प्रोत्साहनपरक अनुदान देकर उनके आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के विषय पर भी बैठक में चर्चा हुई।
इसके अलावा महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, महिला एवं बालकल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और विज्ञापन की कार्रवाई करने तथा 10 सितंबर 2026 को आयोजित पिछली बैठक में उठाए गए विषयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करने के निर्देश एवं चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सभापति की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। महिला एवं बालकल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं और बच्चों तक पहुंचाने तथा आगामी दिनों में नए जनकल्याणकारी उपक्रम प्रभावी रूप से लागू करने पर बैठक में विशेष जोर दिया गया।



