Trending

ऑपरेशन आघात में जशपुर पुलिस का बड़ा वार, 6.32 क्विंटल गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

Jashpur Police scores big in Operation Aaghat 6.32 quintals of cannabis seized one smuggler arrested.

छत्तीसगढ़, जशपुर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजे को टाटा आईसर ट्रक में खाली शराब की बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रहे टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई।

ट्रक में पुलिस को ऊपर की ओर खाली बोतलों से भरी बोरियां रखी मिलीं। इन बोरियों को हटाकर जब नीचे रखी बोरियों की जांच की गई तो उनमें टेप से लिपटे हुए पैकेट मिले। पैकेट खोलकर देखने पर उनमें गांजा बरामद हुआ। गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच में कुल 20 बोरियों से 597 पैकेट बरामद किए गए। इनका कुल वजन 632.380 किलोग्राम पाया गया। ट्रक में मौजूद व्यक्ति से गांजे के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक का कनेक्शन

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश बताया। आरोपी ने पूछताछ में गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, टाटा आईसर ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत करीब 25 हजार रुपये है। नगदी समेत कुल जब्ती की कीमत 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये बताई गई है।

दो दिन में 10 क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद

लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर जशपुर पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर महज दो दिनों में लावाकेरा क्षेत्र से 1,073.010 किलो यानी 10 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया जा चुका है।

पूरे नेटवर्क की तलाश में पुलिस

मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किस व्यक्ति को की जानी थी। पुलिस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले में एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है और जांच के दौरान जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आईजी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई

सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने रेंज के सभी जिलों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत पुलिस टीमों के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान के साथ संदिग्ध वाहनों पर निगरानी बढ़ाई गई है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा डीएसपी शुभम तिवारी और एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी के पर्यवेक्षण में एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस द्वारा ओडिशा सीमा से जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।

एसएसपी बोले—नशे के कारोबार में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सरगुजा रेंज आईजी के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस की सतर्कता और बेहतर समन्वय के चलते 6 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर रखा था। मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को नकद पारितोषिक देकर पुरस्कृत किया जाएगा।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखेगी और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker