प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा का संकल्प, हेल्पफुल हैंड सोसाइटी ने लगाए पौधे
Pledge to serve on the Prime Minister's birthday Helpful Hand Society plants saplings.

हरियाणा, कैथल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत कैथल की अग्रणी समाजसेवी संस्था हेल्पफुल हैंड सोसाइटी की ओर से आरकेएसडी कॉलेज स्टेडियम में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष बूटा सिंह विर्क और सक्रिय सदस्य सोनू मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान में उनकी संस्था भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
प्रत्येक व्यक्ति को अपने माता-पिता, बच्चों या परिवार के किसी सदस्य के नाम पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाने से पर्यावरण को स्वच्छ बनाने और वायु की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि हेल्पफुल हैंड सोसाइटी वर्ष 2018 से लगातार गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य कर रही है। संस्था की ओर से हर वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित करने के साथ जरूरतमंद परिवारों को मकान बनाने में सहायता, बीमार और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद तथा गरीब कन्याओं की शादी में सहयोग सहित विभिन्न सामाजिक कार्य किए जाते हैं। संस्था के सदस्यों ने लोगों से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर समाजसेवा के कार्यों में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयास करना प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है।
समाज के सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों से ही एक स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।



