मथुरा में वृद्ध माताओं का सम्मान, 325 महिलाओं को साड़ी-शॉल भेंट
Elderly mothers honored in Mathura 325 women presented with sarees and shawls.

उत्तर प्रदेश, मथुरा: अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मथुरा के नगला रामताल स्थित कृष्ण कुटीर महिला आश्रय सदन में विधिक जागरूकता एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में आश्रय सदन में निवासरत 325 वृद्ध माताओं को साड़ी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विकास कुमार समेत न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद न्यायाधीश ने वृद्ध माताओं से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके खान-पान, स्वास्थ्य तथा दैनिक जरूरतों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जनपद न्यायाधीश ने कृष्ण कुटीर महिला आश्रय सदन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया और जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया। शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सम्मान और आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराना रहा।



