Trending

प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला सुरक्षित घर,आजीविका मिशन से शुरू किया साड़ियों का कारोबार

Secured a safe home through the Pradhan Mantri Awas Yojana and started a saree business through the Livelihood Mission.

मध्य प्रदेश, विदिशा: विदिशा जिले की ग्राम पंचायत अंबा नगर की रहने वाली उमा नामदेव के जीवन में सरकारी योजनाओं ने बड़ा बदलाव किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत उन्हें पक्का घर मिला, वहीं आजीविका मिशन से जुड़कर उन्होंने स्व-सहायता समूह के माध्यम से साड़ियों के विक्रय का काम शुरू किया। पक्के मकान ने जहां परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन दिया, वहीं स्वरोजगार से उमा को नियमित आय का साधन मिला है।

विदिशा जिले की ग्राम पंचायत अंबा नगर निवासी श्रीमती उमा नामदेव के जीवन में सरकारी योजनाएं नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता लेकर आई हैं। एक समय था जब उमा अपने परिवार के साथ कच्चे और टपरेनुमा मकान में रहने को मजबूर थीं। मकान की जर्जर स्थिति, दीवारों के गिरने का खतरा और सीलन के कारण परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे मुश्किल हालात में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उमा के परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनी। उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया और आवास सूची में नाम स्वीकृत होने के बाद उन्हें निर्धारित किस्तों में राशि प्राप्त हुई। इस आर्थिक सहायता से उनका पक्का मकान तैयार हुआ।

पक्का घर मिलने के बाद उमा और उनके परिवार की वर्षों पुरानी चिंता दूर हुई। अब परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में अपना जीवन बिता रहा है। बारिश और मौसम की मार से जुड़ी परेशानियों से भी उन्हें काफी राहत मिली है। लेकिन उमा की कहानी सिर्फ पक्का घर मिलने तक सीमित नहीं है। आवास के साथ-साथ उन्होंने आजीविका मिशन से जुड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में भी कदम बढ़ाया है। उमा एक स्व-सहायता समूह का संचालन कर रही हैं और इसी के माध्यम से उन्होंने घर से ही साड़ियों के विक्रय का स्वरोजगार शुरू किया है।

साड़ियों के व्यवसाय से उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है। इससे वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग कर पा रही हैं और स्वयं भी आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। घर से व्यवसाय संचालित करने के कारण उन्हें परिवार की जिम्मेदारियों के साथ रोजगार करने का अवसर भी मिला है। उमा नामदेव का कहना है कि सरकारी योजनाओं ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। पहले जहां पक्के मकान को लेकर चिंता रहती थी, वहीं अब उनके पास सुरक्षित घर है और स्वरोजगार के जरिए आमदनी का साधन भी उपलब्ध है। इन योजनाओं से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ रही हैं।

उमा ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए संचालित योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया। उमा नामदेव की कहानी यह दर्शाती है कि आवास जैसी बुनियादी जरूरत पूरी होने के साथ यदि आजीविका के अवसर भी उपलब्ध हों, तो ग्रामीण परिवारों के जीवन में व्यापक बदलाव आ सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker