दर्शन सागर अवार्ड 2026: जैन समाज के 5 प्रतिष्ठित व्यक्तित्व होंगे सम्मानित
Darshan Sagar Award 2026: 5 distinguished personalities from the Jain community to be honored.
मुंबई,सान्वी देशपांडे : जैन समाज में शिक्षा, समाज सेवा, जीव दया, धर्म, संस्कृति और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदान किया जाने वाला प्रतिष्ठित ‘दर्शन सागर अवार्ड-2026’ इस वर्ष भी भव्य समारोह के साथ प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष यह सम्मान उद्योग एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले दिलीप चंदन (चंदन स्टील्स), कांति मेहता (सिल्वर एंपोरियम), प्रवीण कोठारी (लक्ष्मी लीला ग्रुप), दिनेशभाई ठलियावाला (मणिलक्ष्मी तीर्थ) और मनोज जैन (दुबई) को प्रदान किया जाएगा।
वहीं, मीरा-भायंदर के विधायक नरेंद्र मेहता को सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘दर्शन सागर जनगौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रसंत आचार्य चन्द्रानन सागर सूरीश्वरजी महाराज का रहेगा सान्निध्य
यह विशेष सम्मान समारोह 29 सितंबर को सुबह 10 बजे ठाणे के टैंभी नाका स्थित महाजनवाड़ी रघुवंशी हॉल में आयोजित किया जाएगा। समारोह में राष्ट्रसंत आचार्य चन्द्रानन सागर सूरीश्वरजी महाराज का सान्निध्य रहेगा। मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा राज्यसभा में विपक्ष के सचेतक सांसद नीरज डांगी की उपस्थिति में सम्मान प्रदान किए जाने की जानकारी आयोजकों ने दी है।
नाकोड़ा भैरव दर्शन धाम महातीर्थ के नेतृत्व में आयोजन
नाकोड़ा भैरव दर्शन धाम महातीर्थ के चेयरमैन सुखराज नाहर के नेतृत्व में आयोजित होने वाला यह समारोह गच्छाधिपति आचार्य दर्शन सागर सूरीश्वर महाराज की 33वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
दर्शन सागर अवार्ड समिति के प्रवीण शाह और निरंजन परिहार के अनुसार, समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी प्रमुख अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है। जैन समाज के विभिन्न संघों के ट्रस्टी, पदाधिकारी, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
समाजसेवा और मानव कल्याण के योगदान का सम्मान
‘दर्शन सागर अवार्ड’ का उद्देश्य समाज में शिक्षा, अहिंसा, जीव दया, धार्मिक गतिविधियों, संस्कृति और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है। आयोजकों के अनुसार, सम्मानित किए जा रहे व्यक्तित्वों ने समाज और मानवता के व्यापक हित में विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
राष्ट्रसंत आचार्य चन्द्रानन सागर ने भी कांति मेहता, दिलीप चंदन, प्रवीण कोठारी, मनोज जैन और दिनेशभाई ठलियावाला सहित विधायक नरेंद्र मेहता के सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों की सराहना की है।
देश के कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व रह चुके हैं समारोह में शामिल
जैन समाज में ‘दर्शन सागर अवार्ड’ को महत्वपूर्ण सम्मान माना जाता है। आयोजकों के अनुसार, इससे जुड़े विभिन्न आयोजनों में देश के कई प्रतिष्ठित राजनीतिक एवं सामाजिक व्यक्तित्वों की उपस्थिति रही है। इनमें पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत, राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया और थावरचंद गहलोत, तथा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सहित अनेक सांसद एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे हैं।
258 मंदिरों के निर्माण से जुड़ा रिकॉर्ड
आयोजकों के अनुसार, राष्ट्रसंत चन्द्रानन सागर के नाम अब तक 258 मंदिरों के निर्माण से जुड़ा रिकॉर्ड दर्ज है। इसी धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी देशभर से बड़ी संख्या में दर्शन भक्तों के समारोह में पहुंचने की संभावना है।
सम्मान समारोह में चयनित व्यक्तित्वों को पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया जाएगा और उन्हें सम्मान चिन्ह प्रदान किया जाएगा। आयोजन को लेकर जैन समाज और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में उत्साह देखा जा रहा है।



