भिवानी में ट्रेन की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल की मौत
A head constable died after being hit by a train in Bhiwani.

हरियाणा,भिवानी: हरियाणा के भिवानी में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे एक पुलिसकर्मी की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मृतक की पहचान 40 वर्षीय हेड कांस्टेबल अमित कुमार के रूप में हुई है। अमित कुमार दो बच्चों के पिता थे और कुछ महीने पहले ही उनका तबादला पलवल से भिवानी हुआ था।
रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा
हेड कांस्टेबल अमित कुमार पिछले करीब 10-15 दिनों से सिटी थाना क्षेत्र में डायल-112 की गाड़ी पर तैनात थे। बताया गया है कि घटना वाली शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने लाजपत नगर स्थित घर लौट रहे थे। उनके घर के नजदीक ही रेलवे ट्रैक है। आशंका जताई जा रही है कि घर जाने के दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन महीने पहले हुआ था तबादला
सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह के मुताबिक, अमित कुमार करीब तीन महीने पहले पलवल से तबादला होकर भिवानी आए थे। पिछले कुछ दिनों से वह डायल-112 की सेवा में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमित कुमार की अचानक हुई मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। दो बच्चों के पिता अमित कुमार के परिवार पर इस हादसे से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।



