देशसेवा के साथ मानवसेवा: स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान का महाअभियान
104 people donate blood in Kharghar, setting an example of humanity for cancer patients
खारघर/सान्वी देशपांडे : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खारघर में देशभक्ति के साथ मानवता और सामाजिक सेवा की मिसाल देखने को मिली। युवाप्रेरणा सामाजिक संस्था, माहेश्वरी प्रगति मंडल, खारघर और सब-ऑर्डिनेट इंजीनियर्स एसोसिएशन (SEA), वाशी के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-20 स्थित विश्वज्योत हाई स्कूल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 104 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस रक्तदान शिविर का उद्देश्य खारघर स्थित टाटा कैंसर अस्पताल में उपचार करा रहे कैंसर मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।

16 वर्षों से जारी है रक्तदान की सामाजिक पहल
युवाप्रेरणा सामाजिक संस्था की सेक्रेटरी एवं पनवेल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की कॉर्पोरेटर नेत्र किरण पाटिल ने बताया कि संस्था पिछले करीब 16 वर्षों से कैंसर मरीजों की रक्त संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वर्ष में दो से तीन बार नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्था की यह सामाजिक पहल लगातार जारी है।
MLA विक्रांतदादा पाटिल ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
विधान परिषद सदस्य MLA विक्रांतदादा पाटिल ने रक्तदान शिविर का दौरा कर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाप्रेरणा सामाजिक संस्था की प्रेसिडेंट किरण पाटिल और नेत्र पाटिल की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह परिवार जनसेवा की भावना से लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि किरण पाटिल और नेत्र पाटिल के माध्यम से वर्षभर कला, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियां संचालित की जाती हैं और समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचकर जनसेवा का कार्य किया जाता है।

यह भी पढ़िए : पं. उमेश चौधरी की वेबसाइट का रामशेठ ठाकुर ने किया अनावरण
डॉक्टर से लेकर आम नागरिक तक, सभी ने किया रक्तदान
शिविर की सबसे खास बात रही कि इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, बिल्डर, एंटरप्रेन्योर, शिक्षक सहित विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी रक्तदान के लिए आगे आए। अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों का एक मंच पर आकर मानवता की सेवा के लिए रक्तदान करना सामाजिक एकजुटता और जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बना।
पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं ने बढ़ाया उत्साह
शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इनमें कई ऐसे युवा भी शामिल रहे, जिन्होंने पहली बार रक्तदान कर सामाजिक सेवा की शुरुआत की। युवाप्रेरणा सामाजिक संस्था की प्रेसिडेंट किरण पाटिल ने कहा, “हमें कई चीजों की आदत हो जाती है, लेकिन हमें अच्छी चीजों की भी आदत डालनी चाहिए। इसलिए 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को रक्तदान जैसे महान सामाजिक कार्य से जोड़ने का हमारा प्रयास है।”
स्वतंत्रता दिवस पर देशसेवा के साथ मानवसेवा का संदेश
कैंसर मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस रक्तदान शिविर ने देशसेवा के साथ मानवसेवा का संदेश दिया। शिविर में ठाणे माहेश्वरी सभा के प्रेसिडेंट और डॉ. डी.वाई. पाटिल फार्मेसी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राकेश सोमानी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आयोजन की सफलता में इनका रहा योगदान
शिविर के सफल आयोजन में माहेश्वरी प्रगति मंडल के राम दाद, सोमन मालानी और रोशन राठी तथा सब-ऑर्डिनेट इंजीनियर्स एसोसिएशन (SEA), वाशी के जॉइंट सेक्रेटरी कुलदीप सिंह राजपूत का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा युवाप्रेरणा सामाजिक संस्था के आदित्य हाटगे, दिनेश यादव, कुणाल देवकर, गौरव पाटिल, रंजीत पाटिल, नितिन पाटिल, पृथ्वीराज पाटिल, पारुल, अंकित, जयेश सैन्दाने, मयूरी पाटिल और निष्ठा महादिक ने रक्तदाताओं से संपर्क करने और उन्हें शिविर से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
“रक्तदान जीवनदान है” का दिया संदेश
“रक्तदान जीवनदान है” की भावना के साथ आयोजित इस शिविर में 104 लोगों का रक्तदान करना खारघर की सामाजिक एकजुटता और मानवता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को मानवसेवा से जोड़ने वाला यह आयोजन निश्चित रूप से युवाओं और समाज के अन्य वर्गों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश छोड़ गया।



