स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मातम! छज्जा गिरने से 8 वर्षीय निजाम की मौत
Mourning at Independence Day event! 8-year-old Nizam dies after balcony collapses.
उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अल हसन पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों के भार से स्कूल का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 8 वर्षीय बच्चे निजाम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल बताए जा रहे हैं।
बच्चों के भार से अचानक भरभरा कर गिरा छज्जा
जानकारी के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान कई बच्चे स्कूल के छज्जे पर खड़े थे। बच्चों का भार बढ़ने के बाद छज्जा अचानक गिर गया। छज्जा गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और स्कूल में मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव का काम शुरू किया। मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला गया। इस दौरान 8 वर्षीय निजाम गंभीर रूप से घायल मिला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। दो अन्य बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़िए : देशसेवा के साथ मानवसेवा: स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान का महाअभियान
डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और घायल बच्चों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। अधिकारियों ने घटना के कारणों की जानकारी जुटाने के साथ ही मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी ली।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
हादसे में जान गंवाने वाले 8 वर्षीय निजाम के परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। फिलहाल हादसे को लेकर प्रशासन की ओर से जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस जैसे कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और भवन की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।



