नवी मुंबई: C-1 खतरनाक इमारतों पर NMMC की बड़ी कार्रवाई
Navi Mumbai: Major NMMC crackdown on 'C-1' (highly dangerous) buildings
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : बारिश के मौसम में संभावित हादसों को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) ने अत्यंत जर्जर एवं खतरनाक घोषित C-1 श्रेणी की इमारतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर प्रशासन ने इन भवनों में रहने वाले लोगों को कई बार नोटिस और अपील जारी कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा था। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर लोग भवनों में रह रहे थे। इसी के मद्देनज़र महानगरपालिका ने संबंधित C-1 श्रेणी की इमारतों की पानी की आपूर्ति और सीवेज कनेक्शन काटने की कार्रवाई की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा सके।
यह भी पढ़िए : ट्रंप का ईरान पर बड़ा आरोप, कहा- झूठ बोल रहा है
इस अभियान के तहत अतिरिक्त आयुक्त डॉ. राहुल गेठे ने जोन-1 के उपआयुक्त डॉ. अमोल पालवे, जोन-2 के उपआयुक्त संजय शिंदे तथा संबंधित अधिकारियों के साथ खतरनाक इमारतों का निरीक्षण किया और कार्रवाई की समीक्षा की। महानगरपालिका के अनुसार इस चरण में कुल 9 C-1 श्रेणी की इमारतों पर कार्रवाई की गई है। इनमें बेलापुर डिवीजन की 1, नेरुल की 1, वाशी की 4 तथा कोपरखैरणे डिवीजन की 3 इमारतें शामिल हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जर्जर और अत्यंत खतरनाक इमारतों में रहने का जोखिम न उठाएं तथा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित स्थानों पर तत्काल स्थानांतरित हो जाएं।



