IMD Alert: अगले दो दिन मूसलाधार बारिश की चेतावनी
IMD Alert: Warning of torrential rain in several states over the next two days
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने आज गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है, जहां मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, कर्नाटक, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भी तेज वर्षा का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं उत्तर-पूर्वी भारत, पंजाब, कोंकण, गोवा, ओडिशा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़िए : भारतीय महिला पहलवानों ने विश्व मंच पर लहराया तिरंगा
इसके साथ ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, झारखंड, लक्षद्वीप, तेलंगाना, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज के साथ आंधी और वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है। छत्तीसगढ़, गुजरात क्षेत्र, उत्तराखंड और उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



