AI के जरिए ठगी! PIB ने वायरल वीडियो का किया खंडन
Fraud via AI! PIB Debunks Viral Video
दिल्ली/प्रतिनिधी : केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे उस वीडियो का खंडन किया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक ऐसी निवेश योजना का समर्थन किया है, जो कम समय में असाधारण आर्थिक लाभ देने का वादा करती है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह दावा पूरी तरह भ्रामक और फर्जी है। पत्र सूचना कार्यालय (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने बताया कि वायरल वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है। वित्त मंत्री ने किसी भी निवेश योजना, ऐप या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का समर्थन नहीं किया है। ऐसे वीडियो का उद्देश्य लोगों को भ्रमित कर वित्तीय ठगी का शिकार बनाना है।
यह भी पढ़िए : भारत के पर्यटन को वैश्विक उड़ान दिलाएगा इंडिगो
PIB ने कहा कि साइबर ठग अब एआई तकनीक का इस्तेमाल कर सार्वजनिक हस्तियों के फर्जी वीडियो और बयान तैयार कर रहे हैं, ताकि लोगों को आकर्षक निवेश योजनाओं के नाम पर ठगा जा सके। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी निवेश प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले उसकी जानकारी आधिकारिक सरकारी स्रोतों से अवश्य सत्यापित करें। सरकार ने लोगों को अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग और वित्तीय जानकारी किसी भी अनजान वेबसाइट, ऐप या सोशल मीडिया लिंक पर साझा न करने की सलाह दी है। किसी भी संदिग्ध दावे या वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों और PIB फैक्ट चेक पर भरोसा करने की अपील की गई है।



