ड्रग्स मुक्त महाराष्ट्र के लिए राज्य सरकार का मास्टर प्लान
Maharashtra State Government's Master Plan for a Drug-Free Maharashtra
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : महाराष्ट्र सरकार ने युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए ‘ड्रग्स फ्री महाराष्ट्र’ अभियान को पूरे राज्य में लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में ‘ड्रग्स फ्री गाइडेंस एंड काउंसलिंग कमेटी’ का गठन किया जाएगा। यह जानकारी ड्रग फ्री अवेयरनेस कैंपेन की हाई-लेवल कमेटी के चेयरमैन तथा कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 30 जुलाई को मुंबई के वर्ली डोम में इस राज्यव्यापी अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि यह केवल उद्घाटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे वर्ष चलने वाला जनआंदोलन होगा, जिसमें विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, स्वयंसेवी संस्थाएं (NGOs), मनोचिकित्सक, एनएसएस और एनसीसी के स्वयंसेवक सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
यह भी पढ़िए : महाराष्ट्र साहित्य परिषद का पुस्तक पुरस्कार समारोह
अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, मार्गदर्शन सत्र और काउंसलिंग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। गठित समितियां विद्यार्थियों के व्यवहार में आने वाले बदलावों पर नजर रखेंगी और जरूरत पड़ने पर समय रहते उचित मार्गदर्शन एवं परामर्श उपलब्ध कराएंगी। मंत्री लोढ़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2029 तक भारत को ड्रग्स मुक्त बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस जनआंदोलन में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।



