BMC का मरम्मत कार्य,20 घंटे जलापूर्ति प्रभावित
BMC Repair Work: Water Supply Affected for 20 Hours
मुंबई/सान्वी देशपांडे : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के जल अभियांत्रिकी विभाग द्वारा पंजरापुर स्थित मुंबई-3A उद्दान केंद्र में आवश्यक मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के चलते पंजरापुर से भांडुप जल शोधन केंद्र (वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट) तक होने वाली जलापूर्ति को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। महानगरपालिका के अनुसार यह कार्य आज सुबह 9 बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह 5 बजे तक चलेगा। लगभग 20 घंटे तक जलापूर्ति बंद रहने के कारण मुंबई शहर, पश्चिमी उपनगरों तथा पूर्वी उपनगरों के कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है।
यह भी पढ़िए : पुणे ट्रैफिक के लिए राज्य सरकार का बड़ा मास्टर प्लान
BMC ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति में लगभग 15 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे पानी का उपयोग अत्यंत सावधानी और आवश्यकता के अनुसार करें तथा आवश्यक मात्रा में पहले से पानी का संग्रह कर लें। नगरपालिका प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मरम्मत कार्य निर्धारित समय पर पूरा होने के बाद जलापूर्ति को तुरंत सामान्य कर दिया जाएगा। बीएमसी ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पानी की अनावश्यक बर्बादी से बचें, ताकि इस अवधि में सभी लोगों को आवश्यक जल उपलब्ध हो सके।



