IMD Alert: महाराष्ट्र-ओडिशा सहित कई राज्यों में रेड अलर्ट
IMD Alert: Red alert issued for several states, including Maharashtra and Odisha
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग ने रविवार के लिए मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा में अत्यधिक वर्षा का रेड अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, गुजरात, कोंकण और गोवा में अगले दो दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार तटीय आंध्र प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान और उत्तर-पूर्व भारत के कई हिस्सों में भी रविवार को भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़िए : पंढरपुर में CM फडणवीस ने मांगा समृद्ध महाराष्ट्र का आशीर्वाद
विभाग ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और काराईकल में सोमवार तक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं बिहार, तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, तेलंगाना और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक सहित कई क्षेत्रों में भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



