नवी मुंबई से भारत टैक्सी का शुभारंभ, CM ने दिखाई हरी झंडी
'Bharat Taxi' Launched from Navi Mumbai; CM Fadnavis Flags Off Service
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र से सहकारिता आधारित ऐप-आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, सहकारिता राज्य मंत्री बाबासाहेब पाटिल, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी तथा सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि नवी मुंबई विश्व के सबसे सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन वाले शहरों में शामिल है। बदलते डिजिटल दौर में यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और किफायती ऐप-आधारित टैक्सी सेवा उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह की सहकारिता की परिकल्पना पर आधारित ‘भारत टैक्सी’ महाराष्ट्र में डिजिटल मोबिलिटी और सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देगी।
यह भी पढ़िए : 26 दिन बाद खत्म हुआ सोनम वांगचुक का अनशन
कार्यक्रम के दौरान पांच टैक्सी चालकों को प्रतीकात्मक रूप से शेयर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए तथा नौ संस्थाओं के साथ सहकार टैक्सी के लिए समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि देशभर में लगभग 8 लाख चालक इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं और प्रतिदिन 11 हजार से अधिक यात्राएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस सेवा का विस्तार नागपुर और पुणे सहित अन्य शहरों में भी किया जाएगा।



