पंढरपुर में मिलावटी भोजन पर सख्त कार्रवाई, 3 दुकानें बंद
Strict action against adulterated food in Pandharpur; 3 shops shut down
पंढरपुर/सान्वी देशपांडे : आषाढ़ी वारी 2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पंढरपुर शहर में विशेष आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। 14 जुलाई 2026 तक चले इस अभियान के दौरान अधिकारियों ने होटल, मिठाई की दुकानों, फरसाण केंद्रों, रेस्तरां और प्रसाद विक्रेताओं सहित कुल 217 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के 172 नमूने जांच के लिए एकत्र किए। निरीक्षण के दौरान खराब गुणवत्ता, अस्वच्छ वातावरण और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर होटल श्री विष्णु सहस्रनाम (शेगांव दुमाला, तहसील पंढरपुर) सहित तीन प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से अपना व्यवसाय बंद करने के आदेश दिए गए।
यह भी पढ़िए : देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
सहायक आयुक्त साहेबराव देसाई ने बताया कि सभी नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी खामियां पाई जाती हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि आषाढ़ी वारी के दौरान 20 विशेष टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 1800-222-365 पर संपर्क कर सकते हैं।



