देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
PM Modi to Flag Off Country's First Hydrogen Train
दिल्ली/प्रतिनिधी : भारतीय रेलवे ने हरित परिवहन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा के जींद से सोनीपत के बीच लगभग 89 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर इस ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। यह अत्याधुनिक ट्रेन हाइड्रोजन और ऑक्सीजन के बीच होने वाली रासायनिक प्रक्रिया से स्वयं बिजली उत्पन्न करती है। इसमें बाहरी विद्युत आपूर्ति या डीजल इंजन की आवश्यकता नहीं होती। ट्रेन में लगी प्रोटॉन एक्सचेंज मेम्ब्रेन (PEM) फ्यूल सेल तकनीक हाइड्रोजन को ऑक्सीजन के साथ अभिक्रिया कर बिजली बनाती है, जिससे ट्रैक्शन मोटर संचालित होती है। इस पूरी प्रक्रिया में केवल जलवाष्प और ऊष्मा उत्पन्न होती है, जबकि कार्बन उत्सर्जन लगभग शून्य रहता है।
यह भी पढ़िए : पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर दिल्ली में मंथन
इस परियोजना के लिए जींद में देश का सबसे बड़ा रेलवे हाइड्रोजन रिफ्यूलिंग केंद्र स्थापित किया गया है। यहां इलेक्ट्रोलिसिस तकनीक से ग्रीन हाइड्रोजन तैयार कर उसे उच्च दबाव पर सुरक्षित संग्रहित किया जाता है। विशेष डिस्पेंसर के माध्यम से ट्रेन में हाइड्रोजन भरी जाती है। लगभग 3,000 किलोग्राम हाइड्रोजन भंडारण क्षमता वाला यह केंद्र नियमित ट्रेन संचालन के लिए पर्याप्त है। यह पहल भारतीय रेलवे को स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ परिवहन प्रणाली की दिशा में नई पहचान दिलाएगी।



