POK में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ छात्रों का बढ़ा जनआक्रोश
Growing Public Outcry Among Students Against Pakistani Army in PoK
दिल्ली/प्रतिनिधी : पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (POK) के रावलकोट स्थित ईदगाह मैदान में सोमवार को सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों और अभिभावकों के साथ एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई का विरोध करते हुए शांति के प्रतीक के रूप में सफेद झंडे लहराए और सेना के खिलाफ नारे लगाए। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में पीओजेके के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन तेज हुए हैं, जिससे पाकिस्तान के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने कड़ी कार्रवाई की, जिसमें कई लोगों के घायल होने और कुछ नागरिकों की मौत की भी खबरें सामने आई हैं। इसके अलावा कई क्षेत्रों में कर्फ्यू, नाकेबंदी और संचार सेवाएं बाधित होने की जानकारी भी मिल रही है, जिससे आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है।
यह भी पढ़िए : सरकार ने जारी किया पहला ISP-सेवा उत्पादन सूचकांक
इस बीच यूनाइटेड कश्मीर पीपल्स नेशनल पार्टी (यूकेपीएनपी) ने एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें पीओजेके और विभिन्न देशों में रहने वाले कश्मीरी नेताओं, पत्रकारों तथा नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में मानवाधिकार उल्लंघन, नागरिकों पर कार्रवाई और क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे पर ध्यान देने की अपील की गई।



